... ब्रेकिंग पत्रवार्ता : मोबाईल के बकाया राशि 1000 रुपये के विवाद में राजेश दास की हत्या, आरोपी कैलाश यादव गिरफ्तार।

ख़बरों के लिए 7000026456 पर व्हाट्सप करें

ब्रेकिंग पत्रवार्ता : मोबाईल के बकाया राशि 1000 रुपये के विवाद में राजेश दास की हत्या, आरोपी कैलाश यादव गिरफ्तार।

 


जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 03 अक्तूबर ,2026

बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम जुरगुम-तुर्रापानी जंगल में मिले अज्ञात शव की गुत्थी जशपुर पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन के बकाया 1,000 रुपये को लेकर हुए विवाद में कृष्णा उर्फ कैलाश यादव ने राजेश दास के सिर पर लकड़ी के फाड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को टेकरी के पीछे फेंक दिया और पुलिस से बचने के लिए मोबाइल, हथियार और घटना के समय पहने कपड़ों को अलग-अलग नदियों में फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। उसके विरुद्ध थाना बगीचा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) तथा 238 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

23 सितंबर को मिला था अज्ञात शव

पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर 2026 को ग्राम जुरगुम-तुर्रापानी जंगल क्षेत्र में रपटा पुलिया के पास टेकरी के पीछे एक अज्ञात पुरुष का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। ग्रामीण मनियारो बाई ने शव देखा, जिसके बाद युगल किशोर साय द्वारा पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा किया। मृतक ने पीले रंग की टी-शर्ट और ग्रे रंग का लोवर पहन रखा था। उसके सिर के पीछे चोट के निशान और खून दिखाई दे रहा था। बाद में जंगली जानवर द्वारा चेहरा क्षतिग्रस्त किए जाने के कारण मृतक की तत्काल पहचान नहीं हो सकी।

पुलिस ने मर्ग क्रमांक 124/2026, धारा 194 BNSS के तहत जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु को हत्यात्मक बताया। इसके बाद थाना बगीचा में अपराध क्रमांक 256/2026, धारा 103(1) BNS के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

विवेचना के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों, मृतक के परिजनों और साथियों से पूछताछ की। तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को ग्राम झगरपुर निवासी कृष्णा उर्फ कैलाश यादव पर संदेह हुआ।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर घटना का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि उसका मृतक राजेश दास से मोबाइल फोन के बकाया 1,000 रुपये को लेकर विवाद चल रहा था।

23 सितंबर को आरोपी, राजेश दास और एक अन्य व्यक्ति अलग-अलग स्थानों पर गए थे। बाद में दूसरे व्यक्ति को रास्ते में उतारने के बाद आरोपी और राजेश दास कार से जुरगुम रपटा पुलिया की ओर गए। वहां बकाया रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।

पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने राजेश दास को कार से नीचे उतरने को कहा। इसके बाद जमीन पर पड़े लकड़ी के फाड़े से उसके सिर पर दो बार वार किया। वार लगने से राजेश दास जमीन पर गिर गया। आरोपी ने शव को उठाकर टेकरी के पीछे फेंक दिया।

मोबाइल और हथियार नदी में फेंके

पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया। घटना में प्रयुक्त लकड़ी का फाड़ा और मृतक का मोबाइल मैनी नदी में फेंक दिया गया। घटना के समय पहने कपड़ों को डोड़की नदी में फेंकने की बात भी आरोपी ने बताई।

इसके अलावा आरोपी ने घटना में प्रयुक्त लाल रंग की स्विफ्ट कार को धोकर उसमें मौजूद संभावित साक्ष्यों को मिटाने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से लाल रंग की स्विफ्ट कार बरामद की है।

आरोपी न्यायिक रिमांड पर

पुलिस के अनुसार आरोपी के कथित अपराध स्वीकार करने तथा विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद कृष्णा उर्फ कैलाश यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम झगरपुर, थाना बगीचा, जिला जशपुर को विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा अपराध से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्यों को नष्ट करने का प्रयास किए जाने के कारण प्रकरण में धारा 103(1) BNS के साथ धारा 238 BNS भी जोड़ी गई है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, सहायक उप निरीक्षक नरेश मिंज सहित थाना बगीचा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments

Random Posts

पत्रवार्ता में अपनी ख़बरों के लिए 7000026456 पर व्हाट्सप करें

यह भी पढ़ें

खबर पत्रवार्ता : जिस पंचायत में दी सेवा, उसी पंचायत की निस्तारी जमीन पर किया कब्जा! ग्रामीणों में आक्रोश, सचिव दंपति ने उठाया प्रशासनिक शून्यता का फायदा।

जशपुर : ये है जल जीवन मिशन की हकीकत!देखिए ग्राउंड रिपोर्ट