जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 06 मार्च 2026
जशपुर जिले के करडेगा-कुनकुरी मार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। करडेगा से कुनकुरी की ओर आ रही अनमोल यात्री बस करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़ाअंबा के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।हादसे में अब तक 5 यात्रियों की मौत हो चुकी है, जबकि 14 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। प्रारंभिक तौर पर बस का ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। नियंत्रण खोने के बाद तेज रफ्तार बस सड़क किनारे स्थित निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास भवन की दीवार को तोड़ते हुए पलट गई, जिससे बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।यह निर्माणाधीन पीएम आवास स्वर्गीय सुरेन्द्र सिंह का बताया जा रहा है।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और सीएम कैंप कार्यालय बगिया के निर्देश पर तत्काल एम्बुलेंस सेवा घटनास्थल के लिए रवाना की गई। मौके पर पहुंची तीन एम्बुलेंस की मदद से घायलों को निकालकर कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा होलीक्रॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस दर्दनाक हादसे में मृतकों में एक छोटा बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। अस्पतालों में घायलों के परिजन और ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई है।
एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार ने बताया कि हादसे में दर्जनों यात्री गंभीर रुप से घायल हुए हैं जिन्हें उपचार के लिए कुनकुरी अस्पताल भेजा गया है।रेस्क्यू के लिए पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है।हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।इधर जशपुर सीएमएचओ डॉ. जी.एस. जात्रा ने बताया कि वे स्वयं रेस्क्यू के लिए पहुंचे हैं उन्होंने बताया कि घायलों के उपचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कुनकुरी बीएमओ डॉ. किरण एक्का ने बताया कि हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है।
मृतक
01 महेश राम पिता रथु राम 45 वर्ष मकरीबंधा तपकरा
02 बिमला पति महेश उम्र 42 मकरी बंधा
03 संपति देवी पति केशवर 52 वर्ष सिमडेगा
04 दिग्गेश्वर पिता दिलभजन 40वर्ष ढोढ़ी कुरडेग
05 घनश्याम पिता डिगेश्वर 5 माह ढोढ़ी कुरडेग
फिलहाल मौतों का आंकड़ा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। इस भीषण हादसे ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।बसों को सालाना दिए जाने वाले फिटनेस सर्टिफिकेट पर भी अब सवालिया निशान लग रहा है।





0 Comments