जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 9 सितंबर 2026
जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के शिक्षा विभाग में कथित आर्थिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना, पद के दुरुपयोग एवं भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों के मामले में कलेक्टर रोहित व्यास ने सख्त कार्रवाई की है। जिला पंचायत जशपुर द्वारा 8 सितंबर 2026 को प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर शिकायतों में प्रथम दृष्टया तथ्य सही पाए जाने के बाद तीन अधिकारियों के संबंध में अलग-अलग आदेश जारी किए गए हैं।
प्रभारी विकासखंड स्रोत समन्वयक देवेंद्र सिंह निलंबित
कलेक्टर के आदेश के अनुसार देवेंद्र सिंह, मूलपद उच्च वर्ग शिक्षक एवं प्रभारी विकासखंड स्रोत समन्वयक, विकासखंड फरसाबहार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
आदेश में कहा गया है कि उनके विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की प्रारंभिक जांच में आर्थिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना, पद के दुरुपयोग एवं भ्रष्टाचार संबंधी आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा विभागीय जांच नियम, 1966 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई।
निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पत्थलगांव, जिला जशपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रखेंगे।
रविन्द्रनाथ साय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में संलग्न
दूसरे आदेश में रविन्द्रनाथ साय, मूलपद प्रधान पाठक एवं प्रभारी सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, फरसाबहार को तत्काल प्रभाव से कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, जशपुर में संलग्न किया गया है।
बीईओ दुर्गेश देवांगन भी हटाए गए
वहीं दुर्गेश देवांगन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, फरसाबहार को भी तत्काल प्रभाव से कार्यालय जिला पंचायत जशपुर में संलग्न कर दिया गया है।
उनके स्थान पर सीआर भगत, प्रभारी प्राचार्य (मूलपद व्याख्याता), स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय तपकरा को आगामी आदेश तक प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, फरसाबहार का प्रशासनिक एवं वित्तीय दायित्व सौंपा गया है।
8 सितंबर की जांच रिपोर्ट के बाद 9 सितंबर को कार्रवाई
पूरे मामले में कार्रवाई का आधार कार्यालय जिला पंचायत जशपुर के पत्र क्रमांक 1328/लेखा अधि./जांच/2026, दिनांक 8 सितंबर 2026 द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन है। इसके अगले ही दिन 9 सितंबर 2026 को कलेक्टर कार्यालय से संबंधित अधिकारियों के संबंध में कार्रवाई के आदेश जारी किए गए।सभी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि आदेश तत्काल प्रभावशील होंगे।
अब आगे की जांच पर नजर
कलेक्टर की इस कार्रवाई के बाद फरसाबहार के शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। प्रारंभिक जांच में शिकायतें प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद अब विभागीय स्तर पर आगे की जांच और कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी। बहरहाल इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।


0 Comments