पत्थलगांव, टीम पत्रवार्ता, 30 सितंबर 2026
पाकरगांव हादसे के बाद पत्थलगांव में चल रहा प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। मृतक मजदूरों के परिजन और ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर अस्पताल परिसर में डटे हुए हैं। इसी बीच रवि भगत भी पत्थलगांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों के समर्थन में सामने आए।
वहीं कांग्रेस के स्थानीय नेता भी प्रदर्शन में शामिल होकर ग्रामीणों और पीड़ित परिवारों की मांगों के समर्थन में खड़े नजर आए। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती आरती सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन अग्रवाल, ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, रत्ना पैंकरा समेत अन्य कांग्रेस नेता मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल हुए।
ठेकेदार की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग
पीड़ित परिवार और ग्रामीण हादसे के लिए जिम्मेदार विद्युत ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिए जाने की मांग पर अड़े हुए हैं। परिजनों ने अपनी मांग पूरी होने तक शव लेने से इनकार किया है।
प्रशासन लगातार कर रहा बातचीत
जिला प्रशासन की ओर से भी स्थिति को सामान्य करने के लिए लगातार परिजनों और ग्रामीणों से संपर्क किया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को शासन स्तर से मिलने वाले मुआवजे और अन्य सहायता के संबंध में जानकारी दी जा रही है।
एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार ने कहा कि घटना दुखद है और प्रशासन संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिजनों के साथ है। जिला पुलिस ने सभी से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
वहीं पत्थलगांव एसडीएम क्षितिज गुरभेले ने बताया कि प्रदर्शन कर रहे परिजनों को शासन स्तर पर मिलने वाले मुआवजे और अन्य सहायता के संबंध में जानकारी दी गई है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना उनका अधिकार है और फिलहाल प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
फिलहाल प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत का दौर जारी है। प्रदर्शन के बढ़ते दायरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।


0 Comments