जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 28 सितंबर 2026
सेवा, सम्मान, संस्कार और सामुदायिक सहभागिता का सुंदर संगम सोमवार को बगीचा विकासखंड के सरबकोंबो में देखने को मिला। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा उत्सव’ में आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों और ग्रामीणों की मौजूदगी से उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती प्रिया सुरेश जैन, सरपंच श्रीमती शशि किरण एक्का, डॉक्टर बी. आठिया सहित पंचगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों के बच्चों द्वारा पुष्पगुच्छ से स्वागत के साथ हुई।
तीन आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों ने लिया न्यौता भोज
कार्यक्रम का खास आकर्षण न्यौता भोज रहा। इसकी व्यवस्था जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती प्रिया सुरेश जैन द्वारा की गई। इसमें क्षेत्र के तीन आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बच्चों को फल, केला, खीर, पूड़ी सहित गर्म भोजन कराया गया। बच्चों के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और उपस्थित ग्रामीणों ने भी भोजन किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में आंगनबाड़ी केंद्रों की सुपरवाइजर श्रीमती मेघा नेमी की पहल की भी सराहना की गई। उनके प्रयास से तीनों आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को एक साथ जोड़कर कार्यक्रम को सामुदायिक स्वरूप दिया गया।
बेहतर कार्य करने वाली महिलाओं और कार्यकर्ताओं का सम्मान
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया।
महतारी वंदन योजना के अनुभव भी साझा
कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं ने योजना से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए। ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिससे पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया जा सके।
गोदभराई और अन्नप्राशन से दिखी परंपरा की झलक
उत्सव में गोदभराई और अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। वहीं स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों का प्रदर्शन कर क्षेत्र की संस्कृति और खान-पान की झलक भी प्रस्तुत की गई।
पूरे आयोजन में बच्चों की मुस्कान, महिलाओं की सहभागिता और ग्रामीणों की मौजूदगी ने ‘आंगन मिलन सेवा उत्सव’ को महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा और अपनत्व से जुड़ा सामुदायिक उत्सव बना दिया।


0 Comments