जशपुर,टीम पत्रवार्ता,26 सितंबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बगीचा विकासखंड स्तरीय वरिष्ठ नागरिक प्रतिभा सम्मान प्रतियोगिता के दौरान बैठक व्यवस्था को लेकर असहज स्थिति निर्मित हो गई। कार्यक्रम में आमंत्रित जनपद पंचायत अध्यक्ष गायत्री नागेश को पहुंचने के बाद करीब पांच मिनट तक बैठने के लिए कुर्सी नहीं मिल सकी। अंततः जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने अपनी कुर्सी छोड़कर अध्यक्ष को बैठाया।बगीचा जनपद अध्यक्ष गायत्री नागेश ने प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को इसका कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है।
उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम में 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए कविता पाठ, गायन और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। आयोजन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उन्हें सम्मानित करना था।
कार्यक्रम में पद्मश्री जगेश्वर यादव, श्रीमती रीना बरला, जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, मंडल अध्यक्ष हरीश आरिक, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात सिदाम सहित अन्य पार्षद, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनपद अध्यक्ष को पांच मिनट तक कुर्सी का इंतजार
जनपद अध्यक्ष श्रीमती गायत्री नागेश ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद वे लगभग 5 मिनट तक कार्यक्रम स्थल पर मंच।के पास खड़ी रहीं तब तक बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं हो सकी। इसके बाद जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने अपनी कुर्सी छोड़कर अध्यक्ष को बैठने के लिए स्थान दिया।
अध्यक्ष ने उठाया प्रोटोकॉल का मुद्दा
घटना के बाद अध्यक्ष गायत्री नागेश ने संबंधित अधिकारियों से प्रोटोकॉल का ध्यान रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्य कार्यपालन अधिकारी को विशेष ध्यान देना चाहिए था।उन्होंने भविष्य में जनप्रतिनिधियों के सम्मान एवं निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया है।
सम्मान समारोह में ही सम्मान व्यवस्था पर सवाल
मामला इसलिए चर्चा में है क्योंकि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे। ऐसे में आमंत्रित महिला जनपद पंचायत अध्यक्ष के लिए समय पर बैठने की व्यवस्था नहीं हो पाना आयोजन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करता है।
हालांकि, बैठक व्यवस्था में यह चूक किस स्तर पर हुई और अध्यक्ष के लिए निर्धारित सीट क्यों उपलब्ध नहीं थी, इस संबंध में आयोजक पक्ष या संबंधित अधिकारी की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


0 Comments