... ब्रेकिंग पत्रवार्ता : पंच की मौत के बाद बदला मिला ताला, निर्माण सामग्री गायब.? न्याय के लिए दर-दर भटक रहा परिवार,पत्नी ने सरपंच पर लगाए गंभीर आरोप,SSP बोले– होगी कार्रवाई।

ख़बरों के लिए 7000026456 पर व्हाट्सप करें

ब्रेकिंग पत्रवार्ता : पंच की मौत के बाद बदला मिला ताला, निर्माण सामग्री गायब.? न्याय के लिए दर-दर भटक रहा परिवार,पत्नी ने सरपंच पर लगाए गंभीर आरोप,SSP बोले– होगी कार्रवाई।

 


जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 5 जुलाई 2026

जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सुलेसा में एक दिवंगत पंच के परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है। मृतक पंच टंकेश्वर राजवाड़े की पत्नी संगीता राजवाड़े ने सरपंच पर निर्माण कार्यों के लिए रखी गई लाखों रुपये की सामग्री गायब करने का आरोप लगाते हुए पुलिस एवं प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, टंकेश्वर राजवाड़े ग्राम पंचायत सुलेसा के वार्ड क्रमांक 2 के पंच थे और प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न शासकीय विकास कार्यों के लिए निर्माण सामग्री की व्यवस्था कर रहे थे। पंचायत सचिव से चर्चा के बाद सीमेंट, सरिया, सेंटरिंग सामग्री, पुट्टी, तार सहित अन्य सामान पंचायत भवन के समीप स्थित साक्षर भारत भवन में सुरक्षित रखा गया था।

आवेदन में कहा गया है कि निर्माण सामग्री रखने के कुछ समय बाद टंकेश्वर राजवाड़े की तबीयत बिगड़ गई और उपचार के दौरान 8 अप्रैल 2026 को उनका निधन हो गया। इसके बाद जब उनकी पत्नी संगीता राजवाड़े भवन में रखी सामग्री देखने पहुंचीं तो उन्होंने पाया कि पहले लगा ताला टूटा हुआ था और उसकी जगह दूसरा ताला लगा हुआ था। उनका आरोप है कि भवन में रखी लगभग 200 बोरी सीमेंट, 10 बोरी पुट्टी, सरिया, सेंटरिंग सामग्री, तार सहित अन्य निर्माण सामग्री गायब थी। शिकायत में सरपंच कमलेश्वर पैंकरा पर ताला तोड़कर सामग्री हटाने का आरोप लगाया गया है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि शिकायत लेकर वे दो दिनों तक पंडरापाठ पुलिस चौकी के चक्कर लगाते रहे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। परिवार का दावा है कि वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद उनकी शिकायत दर्ज की गई। उनका कहना है कि दिवंगत पंच द्वारा गांव के विकास के लिए जुटाई गई सामग्री के गायब होने से परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान है तथा न्याय के लिए लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर है।

मामले में जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं जनपद पंचायत बगीचा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनोद सिंह ने कहा कि मृतक पंच की पत्नी से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंच परिवार के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments

Random Posts

पत्रवार्ता में अपनी ख़बरों के लिए 7000026456 पर व्हाट्सप करें

यह भी पढ़ें

खबर पत्रवार्ता : जिस पंचायत में दी सेवा, उसी पंचायत की निस्तारी जमीन पर किया कब्जा! ग्रामीणों में आक्रोश, सचिव दंपति ने उठाया प्रशासनिक शून्यता का फायदा।

जशपुर : ये है जल जीवन मिशन की हकीकत!देखिए ग्राउंड रिपोर्ट