कुनकुरी, टीम पत्रवार्ता, 26 अगस्त 2026
बहुचर्चित कुनकुरी मोबाइल दुकान चोरी मामले में जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 150 मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तौसीफ रजा (35), निवासी मुर्गीटोली, मध्य नारायणपुर, थाना राजमहल, जिला साहेबगंज, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि उसका दूसरा साथी अब भी फरार है।
जानकारी के अनुसार, कुनकुरी स्थित कठौतिया मोबाइल शॉप में 11 अगस्त की रात चोरों ने शटर के दोनों ताले काटकर दुकान में प्रवेश किया था। चोर बिक्री के लिए रखे करीब 150 मोबाइल हैंडसेट लेकर फरार हो गए थे। मामले में दुकान संचालक पंकज कुमार पारिक की रिपोर्ट पर कुनकुरी थाने में अपराध क्रमांक 148/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि वारदात को दो लोगों ने मिलकर अंजाम दिया था। घटनास्थल के पास स्थित होटल में संदिग्धों के पहुंचने और मोबाइल नंबर दिए जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली।
सीसीटीवी फुटेज, होटल से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों का मिलान करने के बाद पुलिस एक आरोपी तक पहुंची। इसके बाद विशेष पुलिस टीम झारखंड रवाना हुई और लगातार पतासाजी करते हुए तौसीफ रजा को हिरासत में लिया।
कई राज्यों में रेकी, कुनकुरी में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ काफी समय से मोबाइल दुकानों को निशाना बनाने की योजना बना रहा था। दोनों झारखंड से निकलकर ओडिशा, आंध्रप्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में मोबाइल दुकानों की रेकी कर रहे थे।
इसी दौरान उन्होंने कुनकुरी की कठौतिया मोबाइल शॉप को निशाना बनाया। घटना की रात दोनों दुकान के पीछे पहुंचे और औजार की मदद से शटर के दोनों ताले काटकर अंदर घुसे। इसके बाद मोबाइल फोन पिट्ठू बैग में भरकर फरार हो गए।
डिब्बे और कवर झाड़ियों में फेंके
पुलिस के मुताबिक, चोरी के बाद आरोपियों ने कुछ दूरी पर मोबाइल के कवर और डिब्बे अलग कर झाड़ियों में फेंक दिए और केवल मोबाइल हैंडसेट अपने साथ रखे। इसके बाद दोनों बस के जरिए वहां से फरार हो गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए मोबाइल फिलहाल उसके फरार साथी के पास हैं। पुलिस ने दूसरे आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के साथ करीब 150 मोबाइल की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पिट्ठू बैग और मोबाइल जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार तौसीफ रजा के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिट्ठू बैग और उसका मोबाइल हैंडसेट जब्त किया है। मामले में आरोपी की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई में निरीक्षक राकेश यादव, निरीक्षक गौरव पांडे, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर प्रसाद वारले, पीएसआई देविका मंडावी, नीता कुर्रे सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में फरार दूसरे आरोपी और चोरी के मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए जांच जारी है।


0 Comments