जशपुर/बगीचा, टीम पत्रवार्ता, 22अगस्त 2026
बगीचा ब्लॉक के ग्राम पंचायत पंडरीपानी के पहारटोली गांव के बच्चों की स्कूल तक पहुंच बारिश के दिनों में किसी चुनौती से कम नहीं है। पहारटोली से पंडरीपानी स्कूल आने वाले बच्चों को पहाड़ी नाला पार कर जान जोखिम में डालनी पड़ती है। सड़क कच्ची होने के साथ नाले पर पुलिया नहीं होने से ग्रामीणों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
बारिश के दौरान पहाड़ी नाले में पानी का बहाव तेज हो जाने पर स्थिति और गंभीर हो जाती है। नाला उफान पर होने की स्थिति में बच्चे स्कूल नहीं पहुंच पाते। इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। वहीं गांव में किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने पर उसे अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र तक ले जाना भी ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहारटोली को पंडरीपानी से जोड़ने वाली सड़क पर पुलिया का निर्माण होने से समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है। वर्तमान में बारिश के मौसम में सड़क और नाले की स्थिति के कारण ग्रामीणों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से पहारटोली से पंडरीपानी मार्ग पर आवश्यक पुलिया निर्माण तथा सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि बच्चों की स्कूल तक सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित हो सके और बारिश के दिनों में गांव का संपर्क बाधित न हो।
यूं तो शासन प्रशासन के द्वारा अनावश्यक कई स्थानों पर पुलिया का निर्माण करा दिया जाता है जहां वाकई जरुरत है वहां आज भी ग्रामीणों को पुलिया की सुविधा नहीं मिल पा रही।प्रशासन को मामले में त्वरित कार्रवाई करना चाहिए जिससे आवागमन सुगम हो सके।



0 Comments