जशपुर,टीम पत्रवार्ता,27 अगस्त 2026
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जशपुर की अनेश्वरी भगत के लिए वह पल बेहद खास बन गया, जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी पत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ उनकी ई-रिक्शा में सवार हुए। बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में सीएम दंपत्ति को अपनी ई-रिक्शा में सवारी कराते देख अनेश्वरी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सवारी के बाद मुख्यमंत्री ने अनेश्वरी को एक हजार रुपये का शगुन बतौर पारिश्रमिक भी दिया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने दो दिवसीय जशपुर प्रवास के दौरान बगिया स्थित कैंप कार्यालय पहुंचे थे। रक्षाबंधन से पहले आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने जिले की 50 बहनों को ई-रिक्शा की सौगात दी। बहनों ने मुख्यमंत्री को रक्षासूत्र बांधकर अपना स्नेह जताया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें ई-रिक्शा की चाबी सौंपते हुए आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।
ई-रिक्शा की सौगात मिलने के बाद अनेश्वरी के लिए मुख्यमंत्री की ई-रिक्शा में सवारी करना किसी सपने के सच होने जैसा था। मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती कौशल्या साय भी इस दौरान उनके साथ मौजूद रहीं। सीएम दंपत्ति की सवारी और मुख्यमंत्री की ओर से मिले एक हजार रुपये के शगुन ने अनेश्वरी की रक्षाबंधन की खुशियों को और बढ़ा दिया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश की बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। प्रवास के दौरान उन्होंने नवीन विश्राम गृह सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया। ई-रिक्शा की सौगात को महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


0 Comments