जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 08 जुलाई 2026
जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में धान और मक्का बीज चोरी के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पहले कृषि केंद्र संचालक द्वारा अपने दो कर्मचारियों पर बीज चोरी का आरोप लगाया गया, वहीं अब उन्हीं कर्मचारियों की शिकायत पर कृषि केंद्र संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ मारपीट, बंधक बनाने, निर्वस्त्र करने, जातिसूचक गालियां देने और एससी एसटी अत्याचार अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
शिकायत में विल्सन तिर्की और आनंद कुजूर ने बताया कि 3 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे उन्हें राहुल कृषि केंद्र बुलाया गया। वहां उनसे एक्सपायरी मक्का और धान बेचने तथा चोरी करने का आरोप लगाया गया। विरोध करने पर राहुल केसरी ने उन्हें मकान के अंदर ले जाकर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बाद में प्रियांशु केसरी और प्रेमचंद केसरी भी पहुंचे और तीनों ने मिलकर दोनों मजदूरों को निर्वस्त्र कर जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया तथा लात-घूंसों और थप्पड़ों से बेरहमी से पीटा।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि घटना का वीडियो भी बनाया गया। इसके बाद उन्हें घर से बाहर निकालकर फिर मारपीट की गई। विल्सन तिर्की का मोबाइल फोन और एक्टिवा स्कूटी की चाबी भी छीन लेने का आरोप लगाया गया है। मारपीट में विल्सन की आंख और कान में चोट आई, जबकि आनंद कुजूर की उंगली में चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है।
एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार ने बताया कि पुलिस जांच के आधार पर राहुल केसरी, प्रियांशु केसरी और प्रेमचंद केसरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 115(2), 127, 3(5) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(ड़), 3(1)(द), 3(1)(ध) एवं 3(2)(v क) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


0 Comments