जशपुर |टीम पत्रवार्ता | 26 जून 2025
पत्थलगांव में बुधवार शाम एक भावुक और गरिमामय समारोह का गवाह बना जब जनता की चहेती और कर्मठ अधिकारी एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी को उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यकाल के लिए अश्रुपूरित विदाई दी गई।
दो वर्षों के अपने कार्यकाल में आकांक्षा त्रिपाठी ने पत्थलगांव के प्रशासनिक परिदृश्य में एक नई ऊर्जा और कार्यसंस्कृति का संचार किया। चाहे चुनावों का सफल संचालन हो, कानून-व्यवस्था की मजबूती, या जन समस्याओं का त्वरित समाधान, हर क्षेत्र में उन्होंने अपनी प्रभावशाली कार्यशैली और संवेदनशील नेतृत्व से लोगों का दिल जीत लिया।
हर विभाग की उपस्थिति हर आंख नम
विदाई समारोह में विकासखंड के सभी विभाग प्रमुख, तहसीलदार, राजस्व अमला, शिक्षा विभाग के अधिकारी, और अन्य कर्मचारीगण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। हर किसी की आंखों में भावुकता और स्नेह साफ झलक रहा था।
प्रशासनिक क्षमता के साथ मानवीय संवेदनशीलता
कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि "एसडीएम त्रिपाठी सिर्फ अधिकारी नहीं बल्कि एक मार्गदर्शक और अभिभावक की तरह रहीं। उन्होंने हमेशा समाधानपरक सोच के साथ जनहित को प्राथमिकता दी।"
खुद एसडीएम भी हुई भावुक अपने विदाई संबोधन में आकांक्षा त्रिपाठी ने कहा –
"पत्थलगांव की जनता का स्नेह और सहयोग मेरे लिए अविस्मरणीय रहेगा। मैंने यहां हर दिन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ सेवा करने की कोशिश की। आप सभी का साथ मेरे लिए सबसे बड़ी पूंजी है।"
स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया सम्मानित
समारोह के अंत में डिप्टी कलेक्टर प्रियंका रानी गुप्ता ने सभी विभागों की ओर से एसडीएम को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
लोगों की जुबान पर एक ही बात – "आपकी कमी हमेशा खलेगी"
क्षेत्र की जनता और अधिकारी वर्ग अब एक सुर में कह रहे हैं कि "पत्थलगांव ने एक जमीनी और संवेदनशील अफसर को खो दिया। लेकिन हम सभी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।"
एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी की यह विदाई सिर्फ एक प्रशासनिक बदलाव नहीं, बल्कि एक जनप्रिय अधिकारी से क्षेत्र की आत्मीय विदाई है। पत्थलगांव की जनता उन्हें हमेशा याद रखेगी।
0 Comments