(पत्रवार्ता.कॉम) मशहूर डांसर सपना चौधरी ने आज इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें जारी कर नई सनसनी फैला दी है। कल तक उनके कांग्रेस में शामिल होने, नहीं होने की चर्चा थी, लेकिन अब अटकलें लगाई जा रही हैं कि वे भाजपा के लिए प्रचार कर सकती हैं। सपना ने अपने इंस्टाग्राम पर भोजपुरी स्टार और भाजपा नेता मनोज तिवारी के साथ फोटो शेयर की हैं। खास बात यह है कि सपना कल जब कांग्रेस में शामिल होने की खबरों का खंडन कर रही थीं, तभी उन्होंने मनोज तिवारी से भी मुलाकात की थी।
इससे पहले रविवार को सपना चौधरी ने यू-टर्न लेते हुए कांग्रेस में शामिल होने से इन्कार कर दिया था। माना जा रहा है कि मथुरा से लोकसभा का टिकट महेश पाठक को दिए जाने के बाद सपना ने यह निर्णय लिया है। सपना मथुरा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा की निवर्तमान सांसद और प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी के सामने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़कर और बड़ी सेलेब्रिटी बनना चाहती थीं।
हालांकि खुद सपना अब इन कयासों से इन्कार कर रही हैं। वह राजनीति में अपने भविष्य को लेकर असमंजस में हैं। उन्हें भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां अच्छी लगती हैं। भाजपा भी उन्हें आदरपूर्वक बुलाएगी तो वह जरूर जाएंगी।
इस बीच, मनोज तिवारी भी खुलकर सामने आ गए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि यह पार्टी एक कलाकार का गलत फायदा उठाने की फिराक में है।
0 Comments