जशपुरनगर, टीम पत्रवार्ता, 14 अगस्त 2026
पुलिस की जांच प्रक्रिया को तेज और व्यवस्थित बनाने के लिए जशपुर पुलिस ने पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अभियोजन और एफएसएल के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की। बैठक 13 अगस्त को पुलिस कार्यालय जशपुर में आयोजित की गई। बैठक में MedLEaPR के माध्यम से मेडिकल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट को डिजिटल तरीके से उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समझाई गई।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में हुई बैठक में अधिकारियों और चिकित्सकों को MLC और PMR की ऑनलाइन रिपोर्ट तैयार करने, केस दर्ज करने और पुलिस की जांच प्रक्रिया से इसे जोड़ने की जानकारी दी गई।
Rukka और CCTNS से जुड़ेगी मेडिकल रिपोर्ट
बैठक में बताया गया कि पुलिस द्वारा किसी मामले में मेडिकल जांच के लिए भेजे गए प्रकरण की जानकारी MedLEaPR में दर्ज की जाएगी। Rukka, GD और CCTNS के माध्यम से आने वाले मामलों को भी इस डिजिटल प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा।
इससे पुलिस और डॉक्टरों के बीच मेडिकल रिपोर्ट से जुड़ी जानकारी जल्दी उपलब्ध हो सकेगी। रिपोर्ट के लिए अनावश्यक रूप से कागजी प्रक्रिया और देरी कम करने में भी मदद मिलेगी।
डॉक्टरों को रिपोर्ट बनाने का प्रशिक्षण
बैठक में चिकित्सकों को MedLEaPR पर MLC और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें मरीज या मृतक की जानकारी, चोटों का विवरण, जांच और चिकित्सकीय राय दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई।
अभियोजन अधिकारियों ने डॉक्टरों से रिपोर्ट में तथ्यों को स्पष्ट रूप से दर्ज करने और मेडिकल Opinion को जांच एवं न्यायालयीन प्रक्रिया के लिए उपयोगी बनाने पर जोर दिया।
समय पर रिपोर्ट देने के निर्देश
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने निर्देश दिए कि पुलिस द्वारा MLC या पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए मामलों की रिपोर्ट निर्धारित समय में ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अभियोजन के बीच बेहतर तालमेल से मामलों की जांच तेजी से पूरी हो सकेगी।
बैठक में CMHO डॉ. जी.एस. जात्रा, सिविल सर्जन डॉ. इंदवार, जिला अभियोजन अधिकारी सुरेश कुमार साहू, एडीपीओ विपिन शर्मा सहित पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, FSL और CCTNS से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। डॉ. देवेंद्र कुमार राठौर ने MedLEaPR की तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी दी।


0 Comments