जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 8 अगस्त 2026
तपकरा थाना क्षेत्र के ऊपर कछार चौकी अंतर्गत ग्राम सिंगीबहार में घरेलू विवाद के दौरान बेटे द्वारा अपने पिता की हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी बेटे सूरज सिंह (32) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। हत्या में प्रयुक्त सील-लोढ़ा भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 6 अगस्त 2026 की है। मृतक कृष्णा सिंह के भतीजे योगादर सिंह को गांव के एक व्यक्ति ने सूचना दी कि सूरज सिंह ने अपने पिता के साथ मारपीट की है और कृष्णा सिंह बेहोश पड़े हैं। सूचना मिलने पर योगादर सिंह मौके पर पहुंचा तो कृष्णा सिंह खाट पर बेहोश मिले। उनके नाक, मुंह और कान से खून निकल रहा था, जबकि आरोपी सूरज सिंह भी मौके पर मौजूद था।
परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से कृष्णा सिंह को शासकीय अस्पताल केरसेई पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें कुनकुरी रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामला तपकरा थाना क्षेत्र का होने के कारण कुनकुरी में दर्ज मर्ग की डायरी तपकरा थाना भेजी गई। पोस्टमार्टम एवं प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस पूछताछ में आरोपी सूरज सिंह ने बताया कि उसके पिता की कथित रूप से झगड़ालू प्रवृत्ति थी और आए दिन घर तथा बाहर विवाद करते थे। घटना के दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान आवेश में आकर सूरज ने घर में रखे सील-लोढ़ा से पिता के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को 7 अगस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सील-लोढ़ा भी जब्त किया है।
कार्रवाई में थाना तपकरा प्रभारी निरीक्षक संदीप कौशिक, ऊपर कछार चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक भुनेश्वर भगत, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा तथा आरक्षक दिलीप खलखो, सोनू सिंह और अमेश पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


0 Comments