... खबर पत्रवार्ता : स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री साय का बड़ा संदेश: बस्तर से लेकर किसान, युवा और उद्योग तक विकास का रोडमैप गिनाया।

ख़बरों के लिए 7000026456 पर व्हाट्सप करें

खबर पत्रवार्ता : स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री साय का बड़ा संदेश: बस्तर से लेकर किसान, युवा और उद्योग तक विकास का रोडमैप गिनाया।

 


रायपुर, टीम पत्रवार्ता 15 अगस्त 2026

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों और छत्तीसगढ़ के जननायकों को नमन किया। अपने संबोधन में उन्होंने विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को केंद्र में रखते हुए सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल हिंसा से मुक्त बस्तर अब विकास और बदलाव की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के माध्यम से 31 योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर के दूरस्थ इलाकों में बंद स्कूलों को फिर शुरू किया गया है और 36 नए स्कूलों को मंजूरी दी गई है। ओरछा और जगरगुंडा जैसे क्षेत्रों में एजुकेशन सिटी विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है।

किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर और 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान का मूल्य दिया जा रहा है। फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसलें लेने पर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2028 पैक्स का कंप्यूटरीकरण पूरा हो चुका है। सिंचाई विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी और सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति का भी उल्लेख किया।

24.50 लाख आवास स्वीकृत, 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अब तक 24 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत किए हैं और प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 1600 घर बनाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के माध्यम से 73 लाख परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।

‘महतारी वंदन योजना’ के तहत 70 लाख महिलाओं के खातों में अब तक 19,444 करोड़ रुपये भेजे जाने की जानकारी भी उन्होंने दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

युवाओं के लिए रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं पर फोकस

साय ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और नवाचार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। पुलिस में 7 हजार युवाओं की भर्ती, शिक्षक एवं सहायक शिक्षक के 3,946 पदों पर भर्ती प्रक्रिया तथा बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती का उल्लेख उन्होंने किया।

अग्निवीरों के लिए भी मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।

500 करोड़ का एआई मिशन, छह लाख विद्यार्थियों को प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य एआई मिशन के लिए 500 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके तहत 100 एआई डेटा लैब, पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से अधिक एआई आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी। छह लाख विद्यार्थियों और डेढ़ लाख शासकीय कर्मचारियों को एआई का प्रशिक्षण देने की योजना है।उन्होंने कहा कि इसी सत्र से गीदम, कुनकुरी, जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़ और कवर्धा में पांच मेडिकल कॉलेज शुरू किए जा रहे हैं।

निवेश प्रस्ताव 8.23 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का दावा

औद्योगिक विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक नीति के तहत देश-दुनिया में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों से अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे 1 लाख 74 हजार रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

नवा रायपुर में गारमेंट इकाई, मुंगेली में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड का प्लांट, नए औद्योगिक क्षेत्रों तथा इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग, फर्नीचर और स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने की योजनाओं की भी जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य, बिजली और कनेक्टिविटी पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान योजना के माध्यम से राज्य के 91 प्रतिशत लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। नवा रायपुर में मेडिसिटी विकसित की जा रही है। प्रदेश में 326 संजीवनी एक्सप्रेस और 380 महतारी एक्सप्रेस एंबुलेंस सेवाएं संचालित हैं।

दूरस्थ क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए ढाई वर्षों में 829 मोबाइल टॉवर स्थापित किए जाने तथा भारतनेट 3.0 के माध्यम से 5,659 ग्राम पंचायतों को हाईस्पीड इंटरनेट से जोड़ने की योजना का भी उल्लेख किया।

बस्तर और सरगुजा में पर्यटन विकास का रोडमैप

मुख्यमंत्री ने बस्तर और सरगुजा को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की बात कही। चित्रकोट को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने और वहां टेंट सिटी बनाने की योजना बताई गई। सिरपुर को भी विश्व धरोहर स्थल के मानकों के अनुरूप विकसित करने की बात कही।

लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए दिवंगत लोकगायिका तीजन बाई की स्मृति में ‘डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण’ शुरू करने तथा छत्तीसगढ़ी सिनेमा के विकास के लिए ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ बनाने की घोषणा भी संबोधन में की गई।

‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान की घोषणा

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने नया अभियान ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत 6,671 शासकीय विद्यालयों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे। साथ ही 6,524 गांवों में मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालय निर्माण की योजना की जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ को सामूहिक लक्ष्य बताते हुए प्रदेशवासियों से एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।

जय हिंद, जय छत्तीसगढ़।


Post a Comment

0 Comments

Random Posts

पत्रवार्ता में अपनी ख़बरों के लिए 7000026456 पर व्हाट्सप करें

यह भी पढ़ें

खबर पत्रवार्ता : जिस पंचायत में दी सेवा, उसी पंचायत की निस्तारी जमीन पर किया कब्जा! ग्रामीणों में आक्रोश, सचिव दंपति ने उठाया प्रशासनिक शून्यता का फायदा।

जशपुर : ये है जल जीवन मिशन की हकीकत!देखिए ग्राउंड रिपोर्ट