जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 4 अगस्त 2026
जिला पंचायत जशपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार ने जनपद पंचायत कुनकुरी एवं बगीचा अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों का स्थल निरीक्षण कर विकास एवं स्वच्छता कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से कार्य करने की हिदायत दी गई।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था, चाइल्ड पार्क निर्माण, पंचायत एवं तालाब सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को दिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत स्वच्छता गतिविधियां नियमित रूप से संचालित हों, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू की जाए तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श पंचायत बनाने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह भी चेताया गया कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की उदासीनता या लापरवाही सामने आने पर जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से कार्य करने की अपील की।
निरीक्षण कार्यक्रम में एसबीएम जिला समन्वयक, संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, यूनिसेफ जिला समन्वयक, ब्लॉक समन्वयक, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, वार्ड सदस्य तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में संचालित विकास एवं स्वच्छता कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करना, आवश्यक मार्गदर्शन देना तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा।


0 Comments