पत्थलगांव, टीम पत्रवार्ता, 9 अगस्त 2026
निर्धारित दर से अधिक कीमत पर यूरिया बेचने की शिकायत सही पाए जाने पर कृषि विभाग की टीम ने पत्थलगांव स्थित अन्नपूर्णा खाद भंडार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को 7 दिनों के लिए सील कर दिया।
कृषि विभाग की टीम ने शिकायत के आधार पर खाद भंडार का निरीक्षण एवं सत्यापन किया। जांच में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर यूरिया का विक्रय किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के प्रावधानों के उल्लंघन के तहत कार्रवाई की गई। संबंधित विक्रेता से मामले में जवाब भी मांगा गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को रासायनिक उर्वरक निर्धारित दर पर ही उपलब्ध कराना अनिवार्य है। निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने अथवा उर्वरक वितरण में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय कृषि अधिकारी आर.के. पैंकरा, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जीवन एक्का, कृषि विकास अधिकारी मंत्री राम राठिया और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी कृष्ण कुमार चौधरी मौजूद रहे।
उप संचालक कृषि ने कहा कि जिले में उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण और निर्धारित दर पर बिक्री की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे उर्वरक खरीदते समय निर्धारित मूल्य की जांच करें और अधिक कीमत वसूले जाने या किसी अन्य अनियमितता की स्थिति में तत्काल कृषि विभाग को सूचना दें।


0 Comments