रायपुर, टीम पत्रवार्ता,14 अगस्त 2026
सरगुजा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से शैक्षणिक भ्रमण पर रायपुर पहुंचे करीब 50 मेधावी छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जीवन में बड़ा लक्ष्य तय करना चाहिए और उसे हासिल करने के लिए मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की नींव मजबूत करने का सबसे महत्वपूर्ण समय है।
हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सफलता का मतलब केवल डॉक्टर या इंजीनियर बनना नहीं है। आज शिक्षा, विज्ञान, खेल, तकनीक, प्रशासन, अनुसंधान और कारोबार सहित कई क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर हैं। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता पहचानकर अपने लिए सही लक्ष्य चुनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी अच्छी शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों को नए संस्थानों और करियर की संभावनाओं को करीब से समझने का मौका मिलता है।
IIM और ट्रिपल IT सहित संस्थानों का किया भ्रमण
शैक्षणिक भ्रमण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कनकालों, बकिरमा, सुखरी, रामपुर, मेंड्राकला, करजी और शासकीय सेजेस केशवपुर के विद्यार्थी शामिल हुए।
विद्यार्थियों ने नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM), ट्रिपल IT, ट्राइबल म्यूजियम और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय सहित कई प्रमुख संस्थानों और स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने उच्च शिक्षा, अध्ययन और करियर से जुड़ी संभावनाओं के बारे में जानकारी ली।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, मेहनत और समय का सही उपयोग भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





0 Comments