... खबर पत्रवार्ता : प्रेम संबंध और जमीन विवाद में महिला की हत्या, शव रेत में दफनाकर छिपाया; 48 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार।

ख़बरों के लिए 7000026456 पर व्हाट्सप करें

खबर पत्रवार्ता : प्रेम संबंध और जमीन विवाद में महिला की हत्या, शव रेत में दफनाकर छिपाया; 48 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार।

 


जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 2 अगस्त 2026

 जशपुर जिले के दोकड़ा चौकी क्षेत्र के ग्राम बंदरचुआ रौतियाबस्ती में महिला की हत्या कर शव को निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के पास रेत में दफनाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 30 जुलाई को हरावती बाई (58) के घर से दुर्गंध आने और मकान में बाहर से ताला लगे होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल टीम और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में जांच की। तलाशी के दौरान घर के पास निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के समीप रेत में दफन महिला का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान हरावती बाई के रूप में हुई।

जांच के दौरान पुलिस को मृतका का पुत्र भूषण राम (29) संदिग्ध लगा। अंतिम संस्कार और पंचनामा जैसी महत्वपूर्ण कार्यवाही से उसकी अनुपस्थिति तथा लगातार घर से दूर रहने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि उसका गांव की ही श्यामपति बाई (42) से पिछले करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। वहीं मृतका और श्यामपति बाई के परिवार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना की रात श्यामपति बाई और उसकी मां बुधमती बाई (65) ने मिलकर हरावती बाई की गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव से दुर्गंध आने पर घटना के खुलासे के डर से तीनों आरोपियों ने मिलकर रात के समय शव को घर से निकालकर निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के पास रेत में दफना दिया, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।

आरोपियों की निशानदेही पर शव दफनाने में इस्तेमाल किया गया फावड़ा और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री भी जब्त की गई है। घटनास्थल से मिले साक्ष्य, एफएसएल जांच, गवाहों के बयान और आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर तीनों की संलिप्तता प्रमाणित होने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में श्यामपति बाई (42), बुधमती बाई (65) और भूषण राम (29) शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि महिला हत्या के इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।

Post a Comment

0 Comments

Random Posts

पत्रवार्ता में अपनी ख़बरों के लिए 7000026456 पर व्हाट्सप करें

यह भी पढ़ें

खबर पत्रवार्ता : जिस पंचायत में दी सेवा, उसी पंचायत की निस्तारी जमीन पर किया कब्जा! ग्रामीणों में आक्रोश, सचिव दंपति ने उठाया प्रशासनिक शून्यता का फायदा।

जशपुर : ये है जल जीवन मिशन की हकीकत!देखिए ग्राउंड रिपोर्ट