जशपुर, टीम पत्रवार्ता,19 जुलाई 2026
जशपुर जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल देशदेखा में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, केराडीह और कुनकुरी क्षेत्र के चार दोस्त स्कॉर्पियो वाहन से देशदेखा घूमने पहुंचे थे। उस समय आसमान में घने बादल छाए हुए थे और आसपास बारिश हो रही थी। जैसे ही चारों वाहन से उतरकर कुछ कदम आगे बढ़े, अचानक उन पर आकाशीय बिजली गिर गई।
इस हादसे में केराडीह निवासी गौरव खलखो (20 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आशीष प्रजापति और दानिश खान गंभीर रूप से घायल हो गए। चौथा युवक सुरक्षित बताया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को मौसम विभाग ने जशपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की थी। चेतावनी के लगभग 20 घंटे बाद यह दर्दनाक हादसा सामने आया।
प्रशासन ने बारिश और गरज-चमक के दौरान लोगों से खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और पर्यटन स्थलों पर जाने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।


0 Comments