जशपुर/दोकड़ा, टीम पत्रवार्ता,16 जुलाई 2026
ग्राम दोकड़ा स्थित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर में आयोजित होने वाले रथ यात्रा महोत्सव-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है, जबकि रथ सज्जा, पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं की सुविधाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस वर्ष महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर आयोजन समिति के अनुसार 14 जुलाई को नेत्र उत्सव एवं नव यौवन दर्शन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत होगी। इसके बाद 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ निकाली जाएगी।
रथ यात्रा के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय होंगे। दोनों पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार गजपति महाराज की परंपरा का निर्वहन करेंगे, जो इस महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन ओडिशा की प्रसिद्ध कीर्तन मंडलियों द्वारा भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही रंगोली, चित्रकला, लिटिल चैंप और फूल-माला प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन महाप्रसाद वितरण की भी व्यवस्था रहेगी।
आयोजन समिति के अनुसार 24 जुलाई को बाहुड़ा यात्रा, 25 जुलाई को सुना वेश, 26 जुलाई को अधर पाना तथा 27 जुलाई को नीलाद्री विजय के साथ महोत्सव का विधिवत समापन होगा।
17 से 21 जुलाई तक होगी श्री जगन्नाथ कथा
रथ यात्रा महोत्सव के अंतर्गत 17 से 21 जुलाई तक प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक मौसी बाड़ी स्थित मिडिल स्कूल प्रांगण में श्री जगन्नाथ कथा का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं कौशल्या साय के विशेष सानिध्य में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कीर्तनकार एवं कथा वाचक कामता प्रसाद शरण श्रद्धालुओं को भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की दिव्य कथा का श्रवण कराएंगे।
मंदिर समिति ने क्षेत्र एवं आसपास के श्रद्धालुओं से सपरिवार रथ यात्रा और सभी धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु का आशीर्वाद एवं पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।



0 Comments