जशपुर, टीम पत्रवार्ता,16 जुलाई 2026
विकासखंड बगीचा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरबकोंबो में शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद सदस्य प्रिया सुरेश जैन रहीं। उन्होंने जनपद निधि से निर्मित विद्यालय परिसर के नए शेड का लोकार्पण किया तथा विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर सहयोग का भरोसा दिलाया।
अपने संबोधन में प्रिया सुरेश जैन ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासित जीवन अपनाने और अपने माता-पिता तथा क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के हित में आवश्यक कार्यों के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध रहेंगी।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण, दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई। विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, समूह नृत्य और प्रेरणादायक नाटक प्रस्तुत कर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।
इस दौरान कक्षा 9वीं के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिलें भी वितरित की गईं, ताकि उनकी शिक्षा में किसी प्रकार की बाधा न आए।
कार्यक्रम में एबीओ दिलीप टोप्पो और बीआरसी राठौर ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति (एसएमडीसी) के अध्यक्ष अमृत दास मानिकपुरी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
इस अवसर पर सरपंच शशिकिरण एक्का, सरपंच आरती खाखा, सरपंच रतन साय हस्ती, उपसरपंच सुरेश कुमार जैन, वार्ड पंच नंदकिशोर गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। उपसरपंच सुरेश कुमार जैन ने विद्यालय के लिए तीन पंखे देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य महेश केरकेट्टा के मार्गदर्शन में हुआ। मंच संचालन शिक्षक अमित कुमार जैन ने किया, जबकि वरिष्ठ शिक्षक विनोद कुमार वैद्य ने आभार व्यक्त किया। अंत में एसएमडीसी अध्यक्ष अमृत दास मानिकपुरी के सौजन्य से सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए स्नेहभोज का आयोजन किया गया।


0 Comments