जशपुर, टीम पत्रवार्ता,26 जुलाई 2026
प्रसिद्ध धार्मिक व पर्यटन स्थल खुड़ियारानी मंदिर परिसर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं और महिला समूहों ने भाग लेकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने धार्मिक स्थल को हमेशा स्वच्छ बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया और स्वच्छता को जनभागीदारी से जुड़े जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि जनपद पंचायत बगीचा के ग्राम पंचायत छिछली में सोमवार सुबह 7 बजे से 11 बजे तक आयोजित इस स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत बगीचा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, ग्राम पंचायत छिछली 2 के सरपंच, सचिव एवं पंचायत कर्मियों के साथ आसपास के ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, युवाओं और महिला स्व-सहायता समूहों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।
सभी ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की साफ सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।इस अवसर पर ग्राम पंचायत द्वारा गंगा समूह को स्वच्छता किट प्रदान की गई। साथ ही समूह के सदस्यों से मंदिर परिसर की नियमित साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया गया। समूह ने भी परिसर को हमेशा स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वन विभाग की टीम एवं सफल प्रयास सेवा समिति का विशेष सहयोग रहा। समापन अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सतत जनआंदोलन है।
ऐसे सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ धार्मिक स्थलों की गरिमा और पवित्रता बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


0 Comments