सरगुजा/सीतापुर, टीम पत्रवार्ता, 26 जुलाई 2026
सरगुजा जिले के सीतापुर में सोमवार को दिनदहाड़े एक बड़ी उठाईगिरी की वारदात सामने आई। सीतापुर स्थित काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स के संचालक अरुण देव करीब ₹1 करोड़ मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात से भरे बैग की उठाईगिरी का शिकार हो गए।
जानकारी के अनुसार, अरुण देव रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने जेवरात से भरा बैग अपनी स्कूटी के पास रखा था। इसी बीच एक अज्ञात बदमाश मौका पाकर बैग लेकर फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें एक संदिग्ध आरोपी दिखाई दे रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।
बताया जा रहा है कि काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स की दुकान सीतापुर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग NH-43 से लगे हाई स्कूल के पास स्थित है। दिनदहाड़े करोड़ों रुपये के जेवरात की उठाईगिरी की इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।


0 Comments