जशपुर,टीम पत्रवार्ता,13 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने शासकीय मेडिकल कॉलेज जशपुर कुनकुरी की स्थापना के लिए लेटर ऑफ परमिशन जारी कर दिया है। अब शैक्षणिक सत्र 2026-27 से यहां 50 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश शुरू होगा।इस उपलब्धि के लिए पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
यह उपलब्धि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार की उस प्रतिबद्धता का परिणाम मानी जा रही है, जिसके तहत प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार पर लगातार कार्य किया जा रहा है। लंबे समय से जशपुरवासियों की मेडिकल कॉलेज की मांग अब पूरी हो गई है।
12 जुलाई 2026 को जारी अनुमति पत्र के अनुसार, पं. दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंस एवं आयुष विश्वविद्यालय, नया रायपुर से संबद्ध इस मेडिकल कॉलेज को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम, 2019 के तहत 50 छात्रों की वार्षिक प्रवेश क्षमता के साथ स्वीकृति प्रदान की गई है।
मेडिकल कॉलेज शुरू होने से जशपुर सहित उत्तर छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही एमबीबीएस की पढ़ाई का अवसर मिलेगा। वहीं जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।
एनएमसी ने अनुमति के साथ यह भी स्पष्ट किया है कि मेडिकल कॉलेज को शिक्षकों, अस्पताल, आधारभूत संरचना, उपकरण, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन तथा अन्य सभी निर्धारित मानकों का निरंतर पालन करना होगा। भविष्य में निरीक्षण के दौरान कमी पाए जाने पर आयोग नियमानुसार कार्रवाई कर सकेगा।
जशपुर जिला कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड ने एलओपी जारी करते हुए स्वीकृति प्रदान की है।इस वर्ष जशपुर कुनकुरी मेडिकल कॉलेज के पहले सत्र की शुरुआत होने जा रही है।इस सत्र पॉलिटेक्निक कॉलेज में अध्यापन कार्य प्रारंभ होगा वहीं प्रैक्टिकल के लिए जिला चिकित्सालय में व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।


0 Comments