जशपुर, टीम पत्रवार्ता,01 जुलाई 2026
बगीचा थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय वृद्ध महिला के साथ संजय मद्रासी और मिथलेश यादव द्वारा मारपीट किए जाने संबंधी सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टों का मामला जांच में प्रथम दृष्टया भ्रामक प्रतीत हुआ है। वायरल वीडियो और पोस्ट सामने आने के बाद जिला प्रशासन व पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसी बीच संजय मद्रासी और मिथलेश यादव ने स्वयं बगीचा थाना पहुंचकर निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आवेदन सौंपा।
थाना प्रभारी गौरव पांडेय ने बताया कि जांच के दौरान संबंधित वृद्ध महिला टोभा, निवासी वार्ड क्रमांक-2, लोटा से पूछताछ की गई। महिला ने स्पष्ट रूप से बताया कि संजय मद्रासी और मिथलेश यादव द्वारा उनके साथ किसी प्रकार की मारपीट, गाली-गलौज या विवाद नहीं किया गया है।
Video
महिला ने पुलिस को बताया कि उनका विवाद लंबे समय से चल रहे पारिवारिक भूमि विवाद से जुड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले वर्ष बरसात के दौरान परिवार के ही कुछ सदस्यों के साथ विवाद हुआ था, जिसमें उन्हें चोट आई थी और उपचार के लिए अंबिकापुर जाना पड़ा था। वर्तमान में उनके साथ किसी प्रकार की मारपीट की घटना नहीं हुई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि लोटा मुख्य मार्ग के दोनों ओर स्थित भूमि को लेकर परिवार के विभिन्न सदस्यों के बीच वर्षों से विवाद चल रहा है। यह मामला हाईकोर्ट होते हुए सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था, जहां निर्णय के बाद प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में संबंधित भूमि का कब्जा न्यायालय के आदेशानुसार दिलाया जा चुका है।
थाना प्रभारी गौरव पांडेय ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे मारपीट के दावों की पुष्टि जांच में नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ है कि वृद्ध महिला के साथ संजय मद्रासी और मिथलेश यादव द्वारा मारपीट नहीं की गई। मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना सत्यापन के सोशल मीडिया पर भ्रामक या अपुष्ट जानकारी साझा न करें, क्योंकि इससे व्यक्तियों की छवि प्रभावित होने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।


0 Comments