रायपुर, टीम पत्रवार्ता,12 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल से रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम कमोसिनडांड निवासी जन्मजात दिव्यांग गणेश राम यादव को महज 24 घंटे के भीतर ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी गई। एक मार्मिक समाचार पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिसके बाद शासकीय अवकाश के दिन भी प्रशासन और समाज कल्याण विभाग सक्रिय रहा।
मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही समाज कल्याण विभाग और जिला प्रशासन ने जनपद पंचायत धरमजयगढ़ के माध्यम से ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की। प्रशासनिक टीम गणेश राम यादव के घर भी पहुंची, लेकिन उनके घर पर नहीं होने के कारण ट्राइसाइकिल उनके बड़े भाई विचित्र यादव को सौंप दी गई, ताकि उनके लौटते ही उन्हें उपलब्ध कराई जा सके।
गौरतलब है कि हाल ही में गणेश राम यादव की एक तस्वीर सामने आई थी, जिसमें वे हाथों के सहारे चलकर दैनिक जरूरतें पूरी करते नजर आए थे। आर्थिक तंगी और दुर्गम क्षेत्र में रहने के कारण वे वर्षों से ट्राइसाइकिल जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित थे। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
परिजनों ने बताया कि ट्राइसाइकिल मिलने से अब गणेश राम यादव के लिए आवागमन आसान होगा। वे स्वास्थ्य केंद्र, बैंक, पंचायत सहित अन्य आवश्यक स्थानों तक अधिक सुविधा के साथ पहुंच सकेंगे तथा आत्मनिर्भर जीवन की ओर आगे बढ़ सकेंगे।
गणेश राम यादव की भाभी चंद्रवती ने बताया कि परिवार के दोनों भाई जन्म से दिव्यांग हैं और उन्हें नियमित रूप से दिव्यांग पेंशन मिलती है। परिवार को महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है तथा राशन कार्ड के माध्यम से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने पर मुख्यमंत्री और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर 24 घंटे के भीतर सहायता उपलब्ध होने से क्षेत्र के ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन की त्वरित कार्यप्रणाली की सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि जरूरतमंदों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई सुशासन का सकारात्मक उदाहरण है।


0 Comments