अंबिकापुर, टीम पत्रवार्ता, 23 जून 2026
अंबिकापुर शहर के बाल संप्रेक्षण गृह से मंगलवार शाम 11 अपचारी बालक फरार हो गए। तेज बारिश और बिजली गुल होने के दौरान अपचारी बालकों ने खिड़की तोड़कर पीछे की दीवार फांदते हुए फरार होने में सफलता हासिल कर ली। घटना के बाद संप्रेक्षण गृह प्रबंधन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पत्रवार्ता को मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे भोजन के बाद कुछ बच्चे टीवी देख रहे थे, जबकि कुछ अपने कमरों में चले गए थे। इसी दौरान मौसम खराब हो गया और गरज-चमक के साथ बिजली गुल हो गई। अंधेरे का फायदा उठाते हुए 11 अपचारी बालकों ने खिड़की तोड़ी और संप्रेक्षण गृह के पीछे की दीवार फांदकर फरार हो गए।
घटना के समय मुख्य द्वार पर दो सुरक्षाकर्मी तैनात थे, लेकिन बालक पीछे के रास्ते से निकलने में सफल रहे। मामले की जानकारी मिलते ही बाल संप्रेक्षण गृह प्रबंधन में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल गांधीनगर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
बाल संप्रेक्षण गृह के हाउस फादर मनीष कुशवाहा ने बताया कि शाम करीब साढ़े सात बजे भोजन के बाद बच्चे अपने-अपने कार्यों में लगे थे। इसी बीच मौसम खराब होने और बिजली गुल होने का फायदा उठाकर 11 अपचारी बालक फरार हो गए। पुलिस को सूचना दे दी गई है और उनकी तलाश की जा रही है।
गांधीनगर थाना पुलिस फरार बालकों की तलाश में जुटी हुई है तथा आसपास के क्षेत्रों में सघन खोजबीन की जा रही है। घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।


0 Comments