... खबर पत्रवार्ता : समस्या : ग्रामीणों के विरोध के बीच कण्डोरा पहाड़ खदान में ब्लास्टिंग की तैयारी, लीज के बाद पुलिस की भी मिली स्वीकृति,ग्रामीणों में आक्रोश,आज होगा विस्फोट।

ख़बरों के लिए 7000026456 पर व्हाट्सप करें

खबर पत्रवार्ता : समस्या : ग्रामीणों के विरोध के बीच कण्डोरा पहाड़ खदान में ब्लास्टिंग की तैयारी, लीज के बाद पुलिस की भी मिली स्वीकृति,ग्रामीणों में आक्रोश,आज होगा विस्फोट।

 


जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 20 नवंबर 2026

जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कण्डोरा में स्थित पहाड़ चट्टान खदान को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज होता जा रहा है। ग्रामीण जहां खदान निरस्त करने की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर खदान की लीज प्राप्त कर चुके आवेदक राम अवतार बजाज को अब ब्लास्टिंग के लिए पुलिस की ओर से भी स्वीकृति संबंधी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। 20 और 21 नवंबर को ब्लास्टिंग की निर्धारित तिथि सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

दरअसल, ग्राम पंचायत कण्डोरा स्थित खसरा नंबर 544/1, रकबा 14 हेक्टेयर की पहाड़ी चट्टान खदान को लेकर ग्रामीणों ने 12 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री एवं कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर खदान की लीज निरस्त करने की मांग की थी।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खदान के चारों ओर गांव, स्कूल, हॉस्टल और मकान स्थित हैं। इसके बावजूद बड़े पैमाने पर क्रेशर स्थापित कर ब्लास्टिंग की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि विस्फोट से मकानों में दरारें आने और उनके क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है। इससे ग्रामीण अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि पहाड़ से लगी अन्य निजी भूमि के किसानों पर जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा है। जमीन नहीं बेचने पर कथित तौर पर उसे जबरन अधिग्रहित करने जैसी बातें कही जा रही हैं। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत की सहमति और ग्रामसभा के अनुमोदन के बिना खदान संचालन किए जाने पर भी सवाल उठाए हैं।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी हुआ ब्लास्टिंग संबंधी पत्र

इधर, कार्यालय उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला जशपुर की ओर से 17 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी कुनकुरी को पत्र जारी किया गया है। पत्र में आवेदक श्री राम अवतार बजाज, पिता श्री राम दयाल बजाज, निवासी कुनकुरी को ग्राम कण्डोरा में पत्थर खदान की लीज प्राप्त होने का उल्लेख है।

पत्र के अनुसार, खदान में ब्लास्टिंग कराने वाली एजेंसी के पास विस्फोटक भंडारण एवं परिवहन का लाइसेंस तथा ब्लास्टर के पास वैध लाइसेंस उपलब्ध है। साथ ही कलेक्टर कार्यालय द्वारा स्वीकृत क्षेत्र में 20 नवंबर और 21 नवंबर 2026 को नियंत्रित ब्लास्टिंग किए जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस की ओर से थाना प्रभारी को ब्लास्टिंग के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि ब्लास्टिंग की संपूर्ण जिम्मेदारी खदान मालिक, विस्फोटक भंडारण एवं परिवहन से संबंधित पक्ष तथा ब्लास्टर की होगी। नियमों का उल्लंघन होने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की बात भी कही गई है।

ग्रामीणों का सवाल—आबादी और स्कूल के बीच ब्लास्टिंग कितनी सुरक्षित?

एक ओर ग्रामीण खदान निरस्त करने की मांग को लेकर प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्तियां दर्ज करा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ब्लास्टिंग की तारीखें निर्धारित हो चुकी हैं। ऐसे में ग्रामीणों का सवाल है कि गांव, स्कूल, हॉस्टल और मकानों के आसपास होने वाली ब्लास्टिंग से किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की स्थिति में जिम्मेदारी किसकी होगी?

फिलहाल कण्डोरा में खदान को लेकर ग्रामीणों का विरोध और प्रशासनिक स्तर पर ब्लास्टिंग की तैयारी आमने-सामने है। अब ग्रामीणों की आपत्तियों पर जिला प्रशासन क्या रुख अपनाता है और उनकी सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Post a Comment

0 Comments

Random Posts

पत्रवार्ता में अपनी ख़बरों के लिए 7000026456 पर व्हाट्सप करें

यह भी पढ़ें

खबर पत्रवार्ता : जिस पंचायत में दी सेवा, उसी पंचायत की निस्तारी जमीन पर किया कब्जा! ग्रामीणों में आक्रोश, सचिव दंपति ने उठाया प्रशासनिक शून्यता का फायदा।

जशपुर : ये है जल जीवन मिशन की हकीकत!देखिए ग्राउंड रिपोर्ट