... सियासत@पत्रवार्ता : पहाड़ी कोरवा परिवार से संवेदना या सियासत की नई पटकथा? लम्बू राम की मौत से पांच वर्षीय मासूम की हत्या तक... जशपुर की राजनीति में फिर गरमाया पहाड़ी कोरवाओं की अस्मिता का मुद्दा, क्या इस बार भी संवेदनाओं के सहारे सत्ता का रास्ता तलाशा जा रहा है?

ख़बरों के लिए 7000026456 पर व्हाट्सप करें

सियासत@पत्रवार्ता : पहाड़ी कोरवा परिवार से संवेदना या सियासत की नई पटकथा? लम्बू राम की मौत से पांच वर्षीय मासूम की हत्या तक... जशपुर की राजनीति में फिर गरमाया पहाड़ी कोरवाओं की अस्मिता का मुद्दा, क्या इस बार भी संवेदनाओं के सहारे सत्ता का रास्ता तलाशा जा रहा है?

 


जशपुर,टीम पत्रवार्ता,15 नवंबर 2026

राजनीति में कुछ तस्वीरें कभी पुरानी नहीं होतीं। वक्त बदल जाता है, चेहरे बदल जाते हैं, सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिकाएं बदल जाती हैं, लेकिन कुछ घटनाएं ऐसी होती हैं जो हर नए राजनीतिक घटनाक्रम के साथ इतिहास के पन्नों से निकलकर वर्तमान के सामने खड़ी हो जाती हैं। जशपुर के पहाड़ी कोरवा समाज से जुड़ी हालिया घटना ने एक बार फिर ऐसी ही तस्वीर सामने ला दी है।

कभी ब्लॉदरपाठ में भूख से कथित तौर पर हुई पहाड़ी कोरवा लम्बू राम की मौत ने प्रदेश की राजनीति में भूचाल ला दिया था। उस वक्त प्रदेश में डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में भाजपा की सरकार थी और कांग्रेस विपक्ष में थी। तत्कालीन विपक्ष के नेता भूपेश बघेल खुद पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे थे। परिवार के प्रति संवेदना जताई, सरकार को कठघरे में खड़ा किया और आदिवासी हितों को लेकर भाजपा पर तीखे हमले किए। उस समय कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पवन अग्रवाल थे।

कांग्रेस के इस दौरे के बाद भाजपा का राजपरिवार भी सक्रिय हुआ। प्रबल प्रताप सिंह जूदेव सहित भाजपा के कई बड़े नेता पीड़ित परिवार तक पहुंचे। राजनीतिक दबाव बढ़ा तो सरकार को भी पाठ क्षेत्र की ओर रुख करना पड़ा और तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का कार्यक्रम तक आयोजित हुआ। उस दौर में विपक्ष की राजनीति को धार मिली और वर्षों बाद कांग्रेस सत्ता में पहुंची। भूपेश बघेल मुख्यमंत्री बने।

अब वक्त का पहिया फिर उसी मोड़ पर घूमता दिखाई दे रहा है। फर्क सिर्फ इतना है कि तब विपक्ष में कांग्रेस थी, आज भाजपा सत्ता में है और कांग्रेस फिर उसी भूमिका में नजर आ रही है।

संवेदना के बहाने सियासी सक्रियता

सन्ना क्षेत्र के लोढेना गांव में पांच वर्षीय पहाड़ी कोरवा बालक की नृशंस हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। एक मासूम की मौत ने फिर उस व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, जिसके संरक्षण और विकास के दावे अक्सर सरकारी मंचों से किए जाते हैं।

घटना के बाद कांग्रेस ने पूरी सक्रियता के साथ मोर्चा संभाला। जिला पंचायत सदस्य आशिका कुजूर कार्यकर्ताओं के साथ गांव पहुंचीं और पीड़ित परिवार की परिस्थितियों को सामने रखा। इसके बाद पूर्व विधायक विनय भगत भी परिवार से मिलने पहुंचे। राशन और अन्य सहयोग देकर परिवार को ढांढस बंधाया। अब खबर है कि कांग्रेस शासनकाल में उपमुख्यमंत्री रहे टीएस सिंहदेव भी पीड़ित परिवार के बीच पहुंचने वाले हैं।

इधर भाजपा भी इस सियासी पटकथा में अपनी भूमिका निभाने में पीछे नहीं है। क्षेत्रीय विधायक रायमुनि भगत ने परिवार से मुलाकात कर सहयोग और संवेदना व्यक्त की। वहीं पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव भी पीड़ित परिवार तक पहुंचे। उन्होंने कोरवा समाज के साथ राजपरिवार के पुराने रिश्तों और संरक्षण की परंपरा का उल्लेख करते हुए परिवार को भरोसा दिलाया कि वे उनके साथ खड़े हैं।

अब तस्वीर देखिए! एक तरफ कांग्रेस के नेता, दूसरी तरफ भाजपा के जनप्रतिनिधि और राजपरिवार के सदस्य। गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर अचानक राजनीतिक गाड़ियों की आवाजाही बढ़ गई है। जिस परिवार की पीड़ा शायद घटना से पहले सत्ता और विपक्ष दोनों की प्राथमिकताओं में नहीं थी, आज वह प्रदेश की राजनीति के केंद्र में है।

 अब सिंहदेव के लिए भी खुलेगा मुख्यमंत्री पद का रास्ता?

इस घटनाक्रम ने राजनीतिक गलियारों में एक दिलचस्प चर्चा को भी जन्म दे दिया है। लोग पुराने घटनाक्रम को याद करते हुए सवाल उठा रहे हैं कि क्या पहाड़ी कोरवा परिवार के प्रति संवेदना जताने की यह सक्रियता भी किसी बड़े राजनीतिक संदेश का हिस्सा है?

तब भूपेश बघेल विपक्ष के नेता थे। उन्होंने पीड़ित परिवार तक पहुंचकर सरकार को घेरा और आगे चलकर मुख्यमंत्री बने। अब टीएस सिंहदेव के संभावित दौरे को लेकर भी लोग अपने-अपने राजनीतिक समीकरण जोड़ने लगे हैं। क्या इसे महज संयोग माना जाए या कांग्रेस के भीतर किसी नए राजनीतिक संदेश की आहट?

हालांकि किसी एक पीड़ित परिवार से मुलाकात को मुख्यमंत्री पद की दावेदारी से जोड़ना जल्दबाजी होगी, लेकिन राजनीति में प्रतीकों की अपनी अहमियत होती है। और जशपुर की राजनीति में इस वक्त प्रतीकों की कमी भी नहीं है।

सवाल राजनीति का नहीं, उस परिवार के भविष्य का है!

लेकिन इस पूरी राजनीतिक हलचल के बीच सबसे बड़ा सवाल कहीं पीछे छूटता नजर आ रहा है। जिस पहाड़ी कोरवा परिवार के घर आज नेताओं का आना-जाना लगा है, क्या वहां कल भी कोई पहुंचेगा?

क्या परिवार को स्थायी आर्थिक सुरक्षा मिलेगी? क्या बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण की जिम्मेदारी तय होगी? क्या पहाड़ी कोरवा बस्तियों में सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन होगा? क्या प्रशासन घटना की निष्पक्ष जांच के साथ परिवार को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाएगा?

क्योंकि किसी गरीब आदिवासी परिवार के घर पहुंचकर राशन देना संवेदना का एक छोटा कदम हो सकता है, लेकिन उसकी बदहाली दूर करना असली जिम्मेदारी है।

लम्बू राम की मौत के समय भी राजनीति गर्म हुई थी। तब भी बड़े-बड़े नेता पहुंचे थे, बयान आए थे और सरकारें बदली थीं। लेकिन सवाल यह है कि क्या उस घटना के बाद पहाड़ी कोरवा समाज की जिंदगी में वह बदलाव आया, जिसकी उम्मीद दिखाई गई थी?

आज सन्ना थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय मासूम की मौत के बाद फिर वही दृश्य है। कैमरे हैं, राजनीतिक बयान हैं, संवेदनाओं का प्रदर्शन है और भविष्य की राजनीतिक संभावनाओं पर चर्चाएं भी हैं।

आखिर में सवाल सिर्फ इतना है कि पहाड़ी कोरवा परिवारों की पीड़ा नेताओं के लिए सत्ता तक पहुंचने की सीढ़ी बनेगी या उनके जीवन में बदलाव लाने का संकल्प?

क्योंकि पीड़ित परिवार को नेताओं की भीड़ नहीं, न्याय, सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य चाहिए।

और अगर इस बार भी संवेदनाएं केवल राजनीतिक फोटो और बयानों तक सिमट गईं, तो इतिहास एक बार फिर यही सवाल पूछेगा "सरकार कोई भी हो, पहाड़ी कोरवा की तकदीर आखिर कब बदलेगी"...?

यह था मामला

जशपुर के सन्ना थाना क्षेत्र के लोढ़ेनापाठ में 5 वर्षीय पहाड़ी कोरवा बालक जितेंद्र राम 5 नवंबर 2026 को लापता हो गया था। दो दिन बाद खेत के गड्ढे में बोरी के भीतर उसका शव बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू ने सोशल मीडिया पर जल्दी पैसा कमाने के तरीके तलाशते हुए छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार किया था। पुलिस को आरोपी के मेमोरेंडम कथन में किडनी, फेफड़े और आंख निकालने तथा उन्हें प्लास्टिक की बाल्टी में रखने की बात सामने आई। पुलिस ने बालक का शव, कथित तौर पर निकाले गए अंग और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किए।

इस मामले ने बच्चों के अंगों की कथित तस्करी की आशंका और ऑनलाइन माध्यमों से अपराध की खतरनाक मानसिकता विकसित होने को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

हालांकि पुलिस विज्ञप्ति में किसी संगठित अंग तस्करी गिरोह, खरीदार या अंगों की वास्तविक बिक्री की पुष्टि नहीं की गई है।कांग्रेस इस विषय पर बेहद गंभीर नजर आ रही है वहीं इस मुद्दे पर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है।

Post a Comment

0 Comments

Random Posts

पत्रवार्ता में अपनी ख़बरों के लिए 7000026456 पर व्हाट्सप करें

यह भी पढ़ें

खबर पत्रवार्ता : जिस पंचायत में दी सेवा, उसी पंचायत की निस्तारी जमीन पर किया कब्जा! ग्रामीणों में आक्रोश, सचिव दंपति ने उठाया प्रशासनिक शून्यता का फायदा।

जशपुर : ये है जल जीवन मिशन की हकीकत!देखिए ग्राउंड रिपोर्ट