... ब्रेकिंग पत्रवार्ता : जशपुर में घटिया निर्माण पर सचिव का ऑन द स्पॉट एक्शन, उप अभियंता रमेश प्रसाद सिंह निलंबित,बगीचा पॉलीटेक्निक कॉलेज की 9 करोड़ से अधिक की निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिलीं गंभीर खामियां, PWD सचिव मुकेश कुमार बंसल ने निरीक्षण के दौरान लिया कड़ा फैसला, सड़क निर्माण की सुस्त रफ्तार पर भी अधिकारियों को फटकार।

ख़बरों के लिए 7000026456 पर व्हाट्सप करें

ब्रेकिंग पत्रवार्ता : जशपुर में घटिया निर्माण पर सचिव का ऑन द स्पॉट एक्शन, उप अभियंता रमेश प्रसाद सिंह निलंबित,बगीचा पॉलीटेक्निक कॉलेज की 9 करोड़ से अधिक की निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिलीं गंभीर खामियां, PWD सचिव मुकेश कुमार बंसल ने निरीक्षण के दौरान लिया कड़ा फैसला, सड़क निर्माण की सुस्त रफ्तार पर भी अधिकारियों को फटकार।

 


जशपुर टीम पत्रवार्ता 20 नवंबर 2026।

 निर्माण कार्यों में लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता अब अधिकारियों पर भारी पड़ने लगा है। जशपुर जिले के दौरे पर पहुंचे लोक निर्माण विभाग के सचिव आईएएस मुकेश कुमार बंसल ने बगीचा स्थित निर्माणाधीन पॉलीटेक्निक कॉलेज भवन का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य अमानक स्तर का पाए जाने पर उन्होंने मौके पर ही कड़ा रुख अपनाते हुए जिम्मेदार उप अभियंता रमेश प्रसाद सिंह को निलंबित करने के निर्देश दे दिए। सचिव के निर्देश के बाद प्रमुख अभियंता कार्यालय ने तत्काल निलंबन आदेश भी जारी कर दिया।

करीब 9.11 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे पॉलीटेक्निक कॉलेज भवन में निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सामने आई खामियों ने विभागीय निगरानी और इंजीनियरिंग व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। सचिव की इस कार्रवाई को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के लिए सख्त संदेश माना जा रहा है।

सिर्फ निरीक्षण नहीं, मौके पर जवाबदेही भी तय

20 नवंबर को जशपुर प्रवास के दौरान सचिव मुकेश कुमार बंसल ने लोक निर्माण विभाग के जशपुर और पत्थलगांव संभाग में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधूरे और धीमी गति से चल रहे कार्यों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं।

बगीचा पॉलीटेक्निक कॉलेज भवन में अमानक निर्माण मिलने पर उप अभियंता रमेश प्रसाद सिंह पर कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय नवा रायपुर स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय निर्धारित किया गया है।

41 किलोमीटर सड़क की सुस्ती पर भी नाराजगी

सचिव ने केंद्रीय सड़क निधि (CRF) के तहत लुडेग-तपकरा-लवाकेरा मार्ग के 41 किलोमीटर लंबे हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी की प्रयोगशाला और डामर प्लांट का भी जायजा लिया। अधिकारियों और ठेकेदार को निर्माण की गति बढ़ाने तथा प्रत्येक चरण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

13.56 करोड़ की सड़क का काम तत्काल शुरू करने के निर्देश

जशपुर-सन्ना मार्ग के 17.60 किलोमीटर हिस्से के सुदृढ़ीकरण के लिए 13 करोड़ 56 लाख 88 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। सचिव ने इस सड़क का काम तत्काल शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा।

वहीं, आस्ता-कुसमी मार्ग के 28 किलोमीटर हिस्से के उन्नयन एवं मजबूतीकरण के लिए 35 करोड़ 86 लाख 99 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस कार्य में तेजी लाकर सड़क का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।

अब निगरानी के साथ कार्रवाई का भी संदेश

सचिव के दौरे में सबसे बड़ी कार्रवाई बगीचा पॉलीटेक्निक कॉलेज भवन के निर्माण में सामने आई। सवाल यह है कि करोड़ों रुपये के सरकारी निर्माण में अमानक कार्य किस स्तर पर हुआ और अब तक विभागीय निगरानी में ऐसी खामियां कैसे सामने नहीं आईं? उप अभियंता के निलंबन के बाद निर्माण एजेंसी और अन्य जिम्मेदारों की जवाबदेही भी महत्वपूर्ण होगी।

दौरे के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, सरगुजा परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता के.पी. संत, अधीक्षण अभियंता आर.एस. तोमर तथा जशपुर और पत्थलगांव संभाग के कार्यपालन अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments

Random Posts

पत्रवार्ता में अपनी ख़बरों के लिए 7000026456 पर व्हाट्सप करें

यह भी पढ़ें

खबर पत्रवार्ता : जिस पंचायत में दी सेवा, उसी पंचायत की निस्तारी जमीन पर किया कब्जा! ग्रामीणों में आक्रोश, सचिव दंपति ने उठाया प्रशासनिक शून्यता का फायदा।

जशपुर : ये है जल जीवन मिशन की हकीकत!देखिए ग्राउंड रिपोर्ट