जशपुर,टीम पत्रवार्ता,20 अक्टूबर
जशपुर जिले के बगीचा थाना परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पत्नी से जुड़ी परेशानी को लेकर थाना पहुंचे एक युवक ने कथित तौर पर जहर का सेवन कर लिया। घटना के बाद पुलिस के जवान तत्काल युवक को उपचार के लिए बगीचा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार आज रवि तिर्की, निवासी रतबा, बगीचा थाना पहुंचा था। वहां उसने पुलिसकर्मियों से कहा कि वह मरना चाहता है। जब पुलिस ने उससे परेशानी का कारण पूछा, तो युवक ने अपनी पत्नी के चरित्र पर शंका होने की बात कही। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर वह काफी परेशान था।
पुलिसकर्मी युवक से बातचीत कर उसकी परेशानी जानने का प्रयास कर ही रहे थे उसे समझा रहे थे कि इसी दौरान उसने अपनी जेब से कथित तौर पर जहर निकाला और उसका सेवन कर लिया। घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को तत्काल बगीचा अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के संबंध में पुलिस जांच में जुटी है। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और पूरे मामले की वास्तविक वजह क्या है, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


0 Comments