रायगढ़, टीम पत्रवार्ता, 15 नवंबर 2026।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ स्थित जिंदल एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
इसी बीच मौसम की खराब स्थिति और कम विजिबिलिटी के कारण राज्यसभा सांसद नितिन नवीन का विमान रायगढ़ के जिंदल एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सका। उनका विमान वापस लौट गया। नितिन नवीन को धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था। उनके नहीं पहुंच पाने के कारण अब प्रधानमंत्री का संबोधन बड़ी स्क्रीन के माध्यम से जनता को सुनाया जाएगा।
जनजातीय संस्कृति और परंपराओं का होगा भव्य प्रदर्शन
धरमजयगढ़ में आयोजित इस समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा सहित प्रदेश के कई मंत्री, सांसद और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।
समारोह में उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्रीय जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव, शहीद वीर नारायण सिंह लोककला नृत्य प्रतियोगिता और विभिन्न राज्यों के जनजातीय लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां होंगी।
इसके साथ ही बैगा पुजारी सम्मान निधि योजना की राशि का सांकेतिक अंतरण, राज्यस्तरीय जनजातीय विकास प्रदर्शनी एवं क्राफ्ट मेले का आयोजन किया जाएगा। जनजातीय समाज के प्रमुखों का सम्मान तथा जनजातीय गौरव ज्ञान एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
एयरपोर्ट पर इन जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जिंदल एयरपोर्ट पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक भावना बोहरा, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, सनम जांगड़े, गुरुपाल सिंह भल्ला, रायगढ़ महापौर जीवर्धन चौहान और ज्योति पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित यह समारोह जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।


0 Comments