रायपुर, टीम पत्रवार्ता, 16 जुलाई 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वर्चुअल माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। इससे पहले रायपुर मंडल के डीआरएम दयानंद ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास में मुलाकात कर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से उद्घाटन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण सौंपा।
बैठक में सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों पर विकसित आधुनिक यात्री सुविधाओं, अधोसंरचना उन्नयन और स्टेशनों के नए स्वरूप पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ प्रदेश के विकास को भी गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे अभूतपूर्व बदलाव के दौर से गुजर रही है। देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं और विश्वस्तरीय अधोसंरचना से सुसज्जित किया जा रहा है, जो विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेगा।
उन्होंने कहा कि रेलवे केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि व्यापार, उद्योग, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। स्टेशनों के आधुनिकीकरण से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी। सरोना और बालोद स्टेशन के उन्नयन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। मजबूत रेल संपर्क से प्रदेश में निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा लोगों का आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा।


0 Comments