जशपुर,टीम पत्रवार्ता,22 फरवरी 2026
जशपुर जिले के बगीचा क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नगर पंचायत बगीचा के भट्ठीकोना रोड स्थित नहर में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर जा गिरी, जिससे ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की पहचान नीलेश्वर यादव (22 वर्ष) पिता दुबराज यादव, निवासी खरीडांड के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर क्रमांक CG 14 MQ 5606 सड़क से गुजर रही थी, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सीधे नहर में जा गिरी और चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया।
हादसे के बाद मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के वार्डवासी बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। हाइड्रा मशीन की सहायता से ट्रैक्टर और चालक के शव को नहर से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
सड़क पर डम्प मिट्टी बनी हादसे की वजह?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर मकान निर्माण के लिए मिट्टी डम्प की गई थी, जिससे सड़क संकरी हो गई थी। सड़क के एक ओर मिट्टी का ऊंचा ढेर था और दूसरी ओर गहरी नहर। ऐसे में तेज रफ्तार ट्रैक्टर के लिए रास्ता बेहद जोखिम भरा हो गया और वाहन सीधे नहर में जा गिरी।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क पर मिट्टी डम्प कर रास्ता बाधित नहीं किया गया होता, तो यह दुखद हादसा टाला जा सकता था। लोगों ने मांग की है कि जिन लोगों द्वारा सड़क को अवरुद्ध कर दुर्घटना की स्थिति पैदा की गई, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और प्रशासन की लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।





0 Comments