अंबिकापुर, टीम पत्रवार्ता, 20 सितंबर 2026।
आगामी प्रांतीय युग सृजेता शिविर की तैयारियों को लेकर गायत्री शक्तिपीठ, अंबिकापुर में प्रबुद्धजन गोष्ठी एवं भावनात्मक दीप यज्ञ का आयोजन किया गया। शिविर आगामी 16 से 18 अप्रैल 2027 तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम माता भगवती देवी शर्मा के अवतरण दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उपजोन समन्वयक एसजे द्विवेदी एवं गायत्री शक्तिपीठ के ट्रस्टी जीपी स्वर्णकार ने माता भगवती देवी शर्मा के जीवन, साधना और त्याग पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि प्रांतीय युवा संयोजक ओमप्रकाश राठौर ने युग निर्माण में जागरूक नागरिकों और युवाओं की भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने आगामी युग सृजेता शिविर को सफल बनाने के लिए नागरिकों से अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करने का आह्वान किया।
नगर निगम अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत ने शिविर के दौरान नगर निगम की ओर से आवास, स्वच्छता, पेयजल और विद्युत सहित आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग का आश्वासन दिया। प्रबंध ट्रस्टी प्रदीप शर्मा ने शिविर की तिथि, स्थान और आयोजन की रूपरेखा की जानकारी दी।
भाजपा सरगुजा जिला अध्यक्ष भारतसिंह सिसोदिया ने गायत्री परिवार को भारतीय संस्कारों का ध्वजवाहक बताते हुए शिविर में सहयोग का संकल्प व्यक्त किया। आचार्य दिग्विजय सिंह ने भी आयोजन की सफलता के लिए प्रबुद्धजनों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर भावनात्मक दीप यज्ञ आयोजित किया गया। इसमें उपस्थित लोगों ने युग परिवर्तन और युग निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर अखंड ज्योति पत्रिका एवं प्रज्ञा पाक्षिक का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में पार्षद श्वेता गुप्ता, पूनम मिश्रा, ममता तिवारी, प्रियंका गुप्ता, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नीलम राजवाड़े एवं आशा शुक्ला सहित नगर के गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी और गायत्री परिवार के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गायत्री शक्तिपीठ की ट्रस्टी लक्ष्मी सिंह ने किया।


0 Comments