जशपुर, टीम पत्रवार्ता,19 नवंबर 2025
जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कुनकुरी क्षेत्र में चोरी, लूट और मारपीट जैसे मामलों में फरार चल रहे स्थाई वारंटी अनीस खलखो (19 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वह लंबे समय से पुलिस और न्यायालय दोनों से फरार था।
जानकारी के अनुसार अनीस खलखो एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ वर्ष 2017 से अब तक कुल 08 प्रकरण थाना कुनकुरी में दर्ज हैं। पुलिस ने उसे पहले भी गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन न्यायालय से जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया। न्यायालय में बार–बार नोटिस जारी होने के बावजूद वह पेश नहीं हुआ, जिसके बाद स्थाई वारंट जारी किया गया था।
इसी बीच मुखबिर की सूचना और पुलिस की तकनीकी टीम की सहायता से पता चला कि अनीस खलखो अपने घर धोबी पारा, कुनकुरी में आया हुआ है। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश कुमार यादव, प्रधान आरक्षक गोविंद यादव, आरक्षक भूपेंद्र यादव एवं रवींद्र प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन अंकुश के तहत फरार आरोपियों की धर-पकड़ लगातार जारी है। कुनकुरी क्षेत्र में सक्रिय इस कुख्यात चोर की गिरफ्तारी पुलिस की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।



0 Comments