जशपुर,टीम पत्रवार्ता,13 सितंबर 2025
आदिवासी बहुल जशपुर जिले में अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र विकसित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से बच्चों को कुपोषण से मुक्ति दिलाने के साथ उनके शारीरिक और मानसिक विकास में मदद मिलेगी। राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंवदा सिंह जूदेव ने इस संबंध में प्रस्ताव छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को सौंपा है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े शुक्रवार को जशपुर प्रवास पर थीं। इस दौरान सर्किट हाउस में हुई मुलाकात में प्रियंवदा सिंह जूदेव ने बताया कि जशपुर में पहाड़ी कोरवा और बिरहोर जैसी विशेष संरक्षित जनजातियां निवास करती हैं, जो अब भी आर्थिक और शैक्षणिक दृष्टि से पिछड़ी हुई हैं। केंद्र सरकार और राज्य सरकार का उद्देश्य इन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। प्रस्तावित आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र इसी दिशा में अहम भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि इन आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के स्वास्थ्य व शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए एक आदर्श मॉडल बन सकते हैं।
इन सुविधाओं से होगा लैस आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र
केंद्र का बेहतर रंग-रोगन एवं आकर्षक चित्रकारी।
बच्चों के बैठने हेतु कुर्सी-टेबल की व्यवस्था।
टेलीविजन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि गीत-संगीत व चित्रों के माध्यम से शिक्षा दी जा सके।
एक केंद्र को आदर्श स्वरूप देने में लगभग 1 लाख रुपये का खर्च आने का अनुमान।
इस अवसर पर विधायक रायमुनि भगत, कृष्ण कुमार राय, नगरपालिका उपाध्यक्ष यशप्रताप सिंह जूदेव, भाजपा जिला प्रवक्ता ओम प्रकाश सिन्हा, दीपक गुप्ता, मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनी, अभिषेक गुप्ता, शरद चौरसिया, निज सचिव राजेश सिन्हा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



0 Comments