जशपुर,टीम पत्रवार्ता,16 सितंबर 2025
जिले में स्व सहायता समूह की महिलाओं के नाम पर लोन लेकर ठगी करने वाले परिवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अयोध्या प्रसाद गुप्ता (57), उनकी पत्नी गीता देवी (50) और पुत्र राजेश कुमार गुप्ता (27), निवासी दरिमा चौक पारा, जिला सरगुजा को बगीचा पुलिस ने हिरासत में लिया है।
मामले की जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में आरोपियों ने बगीचा क्षेत्र की 13 महिला सदस्यों के नाम पर भारत फाइनेंस कंपनी से करीब ₹3 लाख 48 हजार 500 का लोन लिया था। शुरुआत में 12 महीनों तक हर माह ₹7,750 की किश्त जमा की गई, लेकिन इसके बाद किश्तों का भुगतान बंद कर दिया गया।
करीब ₹2 लाख से अधिक राशि बकाया रहने पर बैंक से नोटिस आने के बाद महिलाओं को ठगी का पता चला। समूह की महिलाएं अमासो दास, आभा देवी, शांति समेत अन्य ने बगीचा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों पर धोखाधड़ी का अपराध क्रमांक 73/2022, धारा 420 और 34 भादंवि के तहत मामला दर्ज किया था।
आरोपी वर्ष 2022 से फरार चल रहे थे। पहले भी पुलिस ने गिरफ्तारी की कोशिश की थी, लेकिन आरोपी चकमा देकर भाग निकले थे। इसके बाद एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर एसडीओपी दिलीप कोसले के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संतलाल आयाम के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। इस टीम में एएसआई बैजन्ती किंडो, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह, आरक्षक मुकेश पांडेय, रमेश गृही और सैनिक कृष्णा दिवाकर शामिल थे।
पुलिस टीम ने आरोपियों के दरिमा स्थित आवास की घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी संतलाल आयाम ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
0 Comments