बेलतरा(पत्रवार्ता.कॉम)बेलतरा विधानसभा में जनता काँग्रेस छग (जे) और बहुजन समाज पार्टी ने प्रत्याशी अनिल टाह को जीत दिलाने एक साथ मोर्चा सम्हाल लिया है। पार्टी व बेलतरा के विकास के विजन को लेकर प्रत्याशी व कार्यकर्ता घर- घर जनसपंर्क कर जनता का समर्थन हासिल कर रहे हैं।
इसी कड़ी में गुरुवार को क्षेत्र के ग्राम टेकर में जनता कांग्रेस व बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। जिसे संबोधित करते हुए पार्टी प्रत्याशी अनिल टाह ने क्षेत्र के विकास के लिए अपनी कार्ययोजना कार्यकर्ताओं के सामने रखी। उन्होंने बताया कि उनका विजन बेलतरा के सर्वांगीण विकास को लेकर है जिसे चुनाव जीतने के बाद हर हाल में पूरा किया जाना है। और ये तभी सम्भव है जब जनता का आशीर्वाद उन्हें हासिल होगा।
श्री टाह ने पूर्व विधायक के कार्यकाल क्षेत्र के अधूरे विकास, समस्याओं व खामियों का ज़िक्र करते हुए कहा कि इससे जनता परेशान है। जनता को अपने पक्ष में समर्थन देने के लिए उन्हें सभी मूलभूत समस्याओं के निराकरण के विषय में जानकारी देनी होगी, साथ ही जनता को आश्वस्त करना होगा कि जनता कांग्रेस और बसपा का विधायक बनने के बाद इस क्षेत्र की सभी समस्याओं का उचित तरीके से निराकरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस द्वारा किसानों का धान उच्च समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। वहीं स्थानीय उद्योगों में प्रदेश के युवा बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यकर्ता इन बातों की जानकारी गांव-गांव जाकर लोगों को दे। जिससे लोग पार्टी पर विश्वास करेंगे और उन्हें एक अवसर भी प्रदान करेंगे।
इस मौके पर ग्राम टेकर में जनता कांग्रेस एवं बसपा के सभी प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संयुक्त प्रत्याशी अनिल टाह को जिताने का संकल्प लिया।
0 Comments