जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 08 अक्टूबर 2026
पत्थलगांव पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के मामले में 19 वर्षीय आरोपी निराकार यादव उर्फ रिंकू यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त XL6 कार भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को नाबालिग बालिका बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी कार से वहां पहुंचा और कथित रूप से अश्लील इशारे करते हुए उसका हाथ पकड़कर जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। बालिका के चिल्लाने पर आरोपी मौके से कार लेकर फरार हो गया। रिपोर्ट में आरोपी द्वारा पूर्व में भी बालिका का पीछा कर छेड़छाड़ किए जाने का उल्लेख है।
मामले में 31 अगस्त को पीड़िता के परिजन की रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 193/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने धारा 74, 351(2) बीएनएस एवं धारा 8 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध कायम कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान महिला पुलिस अधिकारी द्वारा नाबालिग का कथन दर्ज किया गया तथा परिजन एवं गवाहों के बयान लिए गए। घटना के बाद से फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने 7 अक्टूबर को उसे उसके गृह ग्राम से हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में उप निरीक्षक विद्या राम यादव, प्रधान आरक्षक सुभाष नायक, चंद्र विजय साय तथा आरक्षक वीरेंद्र यादव, देव सिंह एवं राजेंद्र रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों को लेकर पुलिस संवेदनशील है तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


0 Comments