जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 12 अक्टूबर 2026।
जशपुर जिले में जुआ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पत्थलगांव पुलिस ने ग्राम मुड़ापारा में कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे 9 लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 63 हजार 470 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश की गड्डी जब्त की है। मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे पत्थलगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मुड़ापारा में एक ढाबे के पीछे कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की और मौके से 9 लोगों को पकड़ा।
पुलिस ने जुआ फड़ से 63,470 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की। सभी के विरुद्ध धारा 3(2) जुआ एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई है।
पकड़े गए लोगों के नाम
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए लोगों में मुकेश यादव (45 वर्ष), निवासी मुड़ापारा; शरद बेहरा (38 वर्ष), धनुमणि यादव (39 वर्ष), दीपक बेहरा (34 वर्ष), हरि जायसवाल (36 वर्ष) और मनोज अंबस्त (45 वर्ष), निवासी पाकरगांव; मधुसूदन यादव (38 वर्ष), निवासी करंगाबहाल; मोहम्मद फुल हसन (24 वर्ष), निवासी मुड़ापारा तथा घनश्याम यादव (32 वर्ष), निवासी कछार शामिल हैं।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र ताम्रकार, उप निरीक्षक विदवा राम यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक जय प्रकाश कोराम, प्रधान आरक्षक त्रिनाथ यादव और अशोक नाग तथा आरक्षक आलोक मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जुआ के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी: एसएसपी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस जुआ के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। पत्थलगांव क्षेत्र में जुआ खेलते 9 लोगों को पकड़ा गया है और उनके कब्जे से 63 हजार 470 रुपये नकद तथा ताश की पत्तियां जब्त की गई हैं। उन्होंने कहा कि जुआ के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


0 Comments