जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 15 अक्टूबर 2026
जिले के बगीचा पुलिस थाना परिसर में पुलिस मितान की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएसपी यातायात के.आर. चौहान, एसडीओपी दिलीप कोसले, पत्रकार योगेश थवाईत, पार्षद अनिमा सहित स्थानीय पुलिस स्टाफ और सैकड़ों पुलिस मितान शामिल हुए। बगीचा ब्लॉक के विभिन्न गांवों से पहुंचे पुलिस मितानों को सामुदायिक पुलिसिंग और जनसुरक्षा से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए डीएसपी यातायात के.आर. चौहान ने कहा कि पुलिस मितान के माध्यम से बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ कम्युनिटी पुलिसिंग को मजबूत बनाना है। पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में पुलिस मितान महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
बैठक में साइबर क्राइम के प्रति लोगों को जागरूक करने, नशे के विरुद्ध अभियान चलाने और गांवों में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या परिस्थिति की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। पुलिस मितानों से अपने-अपने गांवों में लोगों को जागरूक करने और पुलिस के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की गई।
सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वालों को 25 हजार रुपये की सहायता
बैठक में सड़क दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने वाले राहगीरों के लिए शासन की प्रोत्साहन योजना की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि पात्र मददगारों को निर्धारित नियमों के तहत 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इसका उद्देश्य दुर्घटना के समय घायलों की मदद के लिए लोगों को आगे आने के लिए प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम के दौरान सभी पुलिस मितानों को टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया। बैठक के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच सहयोग बढ़ाने, गांवों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने तथा अपराध नियंत्रण में सामुदायिक भागीदारी मजबूत करने का संदेश दिया गया।
एसडीओपी दिलीप कोसले ने बताया कि आगामी त्यौहार दशहरा के समय होने वाली भीड़ एवं अन्य आयोजनों में पुलिस मितान अपने अपने स्थान पर यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करेंगे।


0 Comments