जशपुर,टीम पत्रवार्ता,31 जुलाई 2026
जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत सरईपानी के जंगल में एक कथित रहस्यमयी कब्र मिलने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय कोटवार ने इसकी जानकारी बगीचा पुलिस को दी,जिसके बाद बगीचा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रेट से आवश्यक अनुमति प्राप्त कर कब्र की खुदाई शुरू कराई।
शुक्रवार को दल बल के साथ पुलिस,तहसीलदार,मेडिकल व एफएसएल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।घटनास्थल पर बगीचा एसडीओपी दिलीप कोसले,थाना प्रभारी गौरव पांडे,एसआई मिंज, अनिल कामरे ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए स्थानीय ग्रामीणों से कब्र की खुदाई शुरु कराई।एफएसएल टीम व मेडिकल टीम तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में वैज्ञानिक तरीके से खुदाई की गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे और सभी की निगाहें इस बात पर टिकी थीं कि आखिर मिट्टी के नीचे क्या मिलेगा।
लेकिन जैसे ही करीब एक फीट तक मिट्टी हटाई गई, सभी हैरान रह गए। वहां न तो किसी शव के अवशेष मिले और न ही कोई ऐसी वस्तु, जिससे यह कब्र साबित हो सके। जांच में सामने आया कि केवल मिट्टी डालकर उसे कब्र जैसा स्वरूप दिया गया था।जब इसकी खुदाई हुई तो पेड़ों की लंबी जड़ें नीचे मिलीं जिससे पुलिस ने स्पष्ट किया कि यहां कब्र के लिए न तो कोई गड्ढा किया गया था और न ही यहां कोई शव दफ़न क्या गया है।बल्कि ऊपर की मिट्टी को क़ब्रनुमा रूप देकर भ्रमित करने की कोशिश की गई होगी।
इस अप्रत्याशित खुलासे के बाद मामला और भी रहस्यमय हो गया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जंगल से लगी जमीन पर कब्रनुमा आकृति किसने बनाई और इसके पीछे उसका उद्देश्य क्या था। क्या यह किसी की शरारत थी,अंधविश्वास फैलाने की कोशिश या फिर पुलिस और ग्रामीणों को गुमराह करने की साजिश।इन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच जारी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस कब्रनुमा आकृति के पीछे आखिर कौन है।
फिलहाल सरईपानी के जंगल की यह रहस्यमयी 'कब्र' पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।बगीचा बीएमओ डॉ सुनील लकड़ा ने बताया कि वे स्वयं कब्र की खुदाई के दौरान मौजूद थे वहां किसी प्रकार का कोई अवशेष नहीं मिला है।


0 Comments