गरियाबंद, टीम पत्रवार्ता, 2 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली बिलों को लेकर सियासत तेज हो गई है। गरियाबंद पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि महंगी बिजली से आम जनता, व्यापारी, पत्रकार और यहां तक कि भाजपा कार्यकर्ता भी परेशान हैं, लेकिन कोई खुलकर बोल नहीं रहा है।
प्रेसवार्ता में दीपक बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनता की समस्याओं को लेकर "गूंगी, बहरी और अंधी" बनी हुई है। उन्होंने मांग की कि प्रदेश के उपभोक्ताओं का 400 यूनिट तक का बिजली बिल माफ किया जाए। बैज ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में लोगों के बिजली बिल नाममात्र आते थे, जबकि वर्तमान सरकार में बिजली दरों में बढ़ोतरी से आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी और बिजली बिल को लेकर जनता की आवाज सड़क से सदन तक उठाई जाएगी। साथ ही उन्होंने आगामी 2028 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत से सरकार बनने का दावा भी किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर पूछे गए सवाल पर दीपक बैज ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में कांग्रेस संगठन ने प्रदेश में बेहतर काम किया है और पार्टी जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रही है।
जैन समाज के प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर बैज ने कहा कि जैन समाज भी भाजपा सरकार की नीतियों से असंतुष्ट है और इसी कारण वे सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं।
हालांकि, भाजपा की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


0 Comments