... खबर पत्रवार्ता : भगवान बिरसा मुंडा का जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संघर्ष की प्रेरणा : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय।

ख़बरों के लिए 7000026456 पर व्हाट्सप करें

खबर पत्रवार्ता : भगवान बिरसा मुंडा का जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संघर्ष की प्रेरणा : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय।

 


जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 19 जून 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को बगीचा विकासखंड के ग्राम पंचायत करमा के डोंडराही में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि अब यह स्थान "बिरसा मुंडा चौक" के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी शासन, शोषण, धर्मांतरण तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनका जीवन आज भी जनजातीय समाज सहित पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल 37 लाख रुपये की घोषणाएं कीं। इनमें बैगाटोली कर्मा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये, कुदमुरा नांदो टोली में रंगमंच निर्माण के लिए 8 लाख रुपये, कुदमुरा पतराटोली (डिबा टोली) में सांस्कृतिक मंच निर्माण के लिए 7 लाख रुपये तथा केशव घर के समीप हनुमान मंदिर परिसर में मंच निर्माण के लिए 7 लाख रुपये शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को "जनजातीय गौरव दिवस" के रूप में मनाने की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि जशपुर जनजातीय संस्कृति और गौरव का महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां स्थित अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम देशभर में जनजातीय समाज के संरक्षण और विकास के लिए कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए पीएम जनमन योजना तथा जनजातीय बहुल गांवों के विकास के लिए धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना संचालित कर रही है। छत्तीसगढ़ के 6,661 गांव इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने अधिकांश वादों को ढाई वर्षों के भीतर पूरा किया है और 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति देकर 10.60 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा कराया है।

मुख्यमंत्री ने किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, दो वर्षों का बकाया बोनस भुगतान, तेंदूपत्ता संग्रहण दर में वृद्धि, चरण पादुका योजना, रामलला दर्शन और मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार आम जनता के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश की छह हजार से अधिक पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू किए जा चुके हैं, जहां आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 65 हजार से अधिक घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे लोगों के बिजली बिल लगभग शून्य हो गए हैं।

कार्यक्रम में पद्मश्री जागेश्वर यादव, विधायक गोमती साय, रायमुनी भगत, माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती, कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी सिंह, अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments

Random Posts

पत्रवार्ता में अपनी ख़बरों के लिए 7000026456 पर व्हाट्सप करें

यह भी पढ़ें

खबर पत्रवार्ता : जिस पंचायत में दी सेवा, उसी पंचायत की निस्तारी जमीन पर किया कब्जा! ग्रामीणों में आक्रोश, सचिव दंपति ने उठाया प्रशासनिक शून्यता का फायदा।

जशपुर : ये है जल जीवन मिशन की हकीकत!देखिए ग्राउंड रिपोर्ट