जशपुर, टीम पत्रवार्ता,15 जून 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान के तहत रविवार को जशपुर भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता से पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने प्रस्तावना रखते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित हैं।
इसके पश्चात पत्रकार वार्ता को प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही ने संबोधित करते हुए केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और विकसित भारत के संकल्प पर विस्तार से प्रकाश डाला।
जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 12 वर्षों तक देश का सफल नेतृत्व करते हुए भारत को विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए शिखर पर पहुंचाया है। यह 12 वर्षों का कार्यकाल भारत के इतिहास का स्वर्णिम और ऐतिहासिक काल रहा है। प्रधानमंत्री स्वयं को प्रधान सेवक मानते हुए "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र के साथ 140 करोड़ देशवासियों की सेवा में निरंतर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नया भारत एक समृद्ध, सशक्त और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में उभरा है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों के हित, युवाओं के रोजगार, जनजातीय विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, पीएम किसान सम्मान निधि, मुद्रा योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना तथा लखपति दीदी जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री, आत्मनिर्भर भारत अभियान, बढ़ता विदेशी निवेश और मजबूत विदेश नीति ने दुनिया में भारत की साख को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। साथ ही कर्तव्य पथ, नया संसद भवन, जनजातीय गौरव दिवस, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जैसे ऐतिहासिक कार्यों ने देश की सांस्कृतिक विरासत को भी नया सम्मान दिलाया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संवेदनशील नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को भी विकास की नई गति मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीब परिवारों को पक्के मकान मिल रहे हैं। प्रदेश में रेलवे, सड़क और हवाई संपर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है तथा केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
पत्रकार वार्ता में पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, पत्थलगांव विधायक गोमती साय एवं जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा नई रेल परियोजना की केंद्रीय राजपत्र में अधिसूचना जारी होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए इसे जशपुर जिले के विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि इस बहुप्रतीक्षित रेल परियोजना के साकार होने से जशपुर सहित पूरे क्षेत्र में विकास, व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा क्षेत्र की वर्षों पुरानी रेल संपर्क की मांग पूरी होने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है। साथ ही उन्होंने जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी।
पत्रकार वार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिन्हा, जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव, कपिल देव साय, आनंद शर्मा, संतोष सिंह, आलोक सारथी, राजकपूर भगत, श्रीनायक मिश्रा, रूपेश सोनी, मुनेश्वर सिंह केसर, दिनेश प्रसाद, शरद चौरसिया, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


0 Comments