जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 07 जून 2026
जशपुर जिले के कुकराझर क्षेत्र के ग्राम सुरंगपानी निवासी सदमती डोम, जो एक विधवा एवं असहाय महिला हैं, उनका कच्चा मकान जर्जर होकर गिरने की कगार पर पहुंच गया था। आर्थिक तंगी के कारण वे स्वयं अपने घर की मरम्मत या निर्माण कराने में सक्षम नहीं थीं।
ऐसी परिस्थिति में गायत्री परिवार सुरंगपानी के सदस्यों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए उनके घर के निर्माण कार्य में सहयोग प्रदान किया। परिवार के सदस्यों ने श्रमदान एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर सदमती डोम को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
गायत्री परिवार जशपुर के इस सराहनीय कार्य की ग्रामीणों ने प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद और असहाय लोगों की सहायता करना सबसे बड़ा मानव धर्म है। इस सहयोग से सदमती डोम को न केवल रहने के लिए सुरक्षित आश्रय मिलेगा, बल्कि उनके जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार भी होगा।
ग्रामवासियों ने गायत्री परिवार के इस सेवा कार्य को सामाजिक एकता और मानवता की मिसाल बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।


0 Comments