जशपुर, टीम पत्रवार्ता,23 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के जशपुर प्रवास के दौरान पार्टी का अंदरूनी विवाद लगातार दूसरे दिन भी सामने आया। शरबकोंबो में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में जहां प्रदेश महामंत्री एवं आदिवासी कांग्रेस नेत्री श्रीमती फुलकेरिया भगत को मंच पर स्थान नहीं मिलने पर उन्होंने खुलकर नाराज़गी जताई, वहीं एक दिन पहले भी इसी तरह की स्थिति जशपुर में देखने को मिली थी।
जानकारी के अनुसार, बीते दिन आयोजित कार्यक्रम में कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील को भी मंच पर जगह नहीं दी गई थी, जिससे स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराज़गी देखी गई थी।
लगातार दो दिनों तक मंच को लेकर हुए इन विवादों ने कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाज़ी को उजागर कर दिया है। पहले विनयशील की उपेक्षा और अब फुलकेरिया भगत के सार्वजनिक रूप से आक्रोश ने यह साफ कर दिया है कि जिले में संगठन के भीतर समन्वय की कमी और अंतर्कलह गहराता जा रहा है।
इन घटनाओं के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है कि कांग्रेस को जशपुर जिले में संगठनात्मक एकता बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।गुटबाजी और अंतर्कलह का सीधा फायदा दूसरी राजनैतिक पार्टी को मिलने की बातें होने लगी हैं।



0 Comments